शेरपुर इलाके में महिला को चाकू से डराकर स्कूटी ले गए बदमाश
अब थाना मोती नगर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज करके छानबीन शुरू की है। एएसआइ गुरजीत सिंह ने बताया कि उक्त केस स्वर्ण कौर की शिकायत पर दर्ज किया गया।
लुधियाना, जेएनएन। राजपुरा से अपने मायके आई महिला को उसके भाई ने नई एक्टिवा खरीद कर दी। वाे उसे लेकर वापस जा पाती, तब तक शहर में कर्फ्यू लग गया। सोमवार सुबह वो उस स्कूटी पर घर का सामान लेने के लिए निकली तो रास्ते में चार बदमाशों ने चाकू दिखाकर उसका स्कूटी छीनी और फरार हो गए। स्कूटी की डिग्गी में महिला का पर्स व 5 हजार की नकदी व अन्य जरूरी दस्तावेज थे।
अब थाना मोती नगर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज करके छानबीन शुरू की है। एएसआइ गुरजीत सिंह ने बताया कि उक्त केस राजपुरा निवासी स्वर्ण कौर की शिकायत पर दर्ज किया गया। उसने बताया कि शेर पुर के पास कैलाश नगर में उसके मायके है। लाॅक डाउन होने से पहले वो अपने मायके रहने के लिए आई थी। उसी दौरान उसके भाई ने उसे नई एक्टिवा स्कूटी खरीद कर दी। मगर पंजाब में कर्फ्यू लग जाने की वजह से वो वापस अपने ससुराल नहीं जा सकी।
सोमवार सुबह वो घर का राशन व सब्जियां लेने के लिए स्कूटी पर सवार होकर निकली थी। कैंसर अस्पताल की तरफ सभी दुकानें बंद होने के कारण वो शेर पुर की और चली गई। वहां रास्ते में खड़े दो बदमाशों ने उसे जबरदस्ती रोक लिया। उनके दो साथी सड़क के दूसरी तरफ खड़े थे। आरोपितों ने चाकू दिखा कर उसका स्कूटी छीनी और उसी पर सवार होकर फरार हो गए। गुरजीत ने कहा कि आरोपितों का सुराग लगाने के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की जा रही है।
रोड पर गाड़ियां लगा बेच रहे थे सब्जियां, छह गिरफ्तार
सलेम टाबरी मेन रोड पर गाड़ियां लगा सब्जियां बेच रहे 6 लोगों को थाना सलेम टाबरी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जबकि उनका एक साथी फरार हो गया। उनके खिलाफ दो केस दर्ज किए गए। एएसआइ कुलविंदर सिंह ने इस्लाम गंज निवासी अरुण कुमार, कोटकपूरा के बाबा दीप सिंह नगर निवासी मनदीप सिंह तथा चावला कॉलोनी निवासी सुनील कुमार को गिरफ्तार किया। एएसआइ जगदेव सिंह ने शाम नगर निवासी सुलतान, केसरगंज रोड निवासी विजय कुमार तथा प्रताप पुरा निवासी सुखबीर सिंह को गिरफ्तार किया। जबकि सलेम टाबरी निवासी लखन कुमार फरार हो गया।