विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लुधियाना में प्राइवेट स्कूल के चपरासी ने छात्रा से की जबरदस्ती, ऑफिस में गलत तरीके से छुआ और किस किया; CCTV फुटेज वायरल

Published: Mon, 19 Oct 2026 08:12 PM (IST)

लुधियाना के एक निजी स्कूल में 16 वर्षीय छात्रा से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। स्कूल के चपरासी ने ...और पढ़ें

HighLights

  1. 16 वर्षीय छात्रा से निजी स्कूल में छेड़छाड़ का मामला।

  2. स्कूल के चपरासी प्रिंस पाल ने की गलत हरकत।

  3. सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई घटना, पोक्सो एक्ट में गिरफ्तारी।

जागरण संवाददाता, लुधियाना। शहर के एक निजी स्कूल में 16 वर्षीय छात्रा से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। छात्रा की शिकायत के अनुसार, स्कूल के चपरासी ने टीचर के ऑफिस में उसे अकेला पाकर जबरदस्ती किस किया और गलत तरीके से छुआ।

सामने आए सीसीटीवी फुटेज में आरोपित छात्रा को पकड़कर किस करता दिखाई दे रहा है। थाना टिब्बा पुलिस ने पोक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार किया।

रविवार को कोर्ट में पेशी के बाद उसे जेल भेज दिया गया। आरोपित की पहचान सरदार नगर में बस्ती जोधेवाल की गली नंबर-1 निवासी प्रिंस पाल के रूप में हुई है।

13 अक्टूबर की है घटना

पुलिस को दी शिकायत में छात्रा की मां ने बताया कि 13 अक्टूबर को बेटी को स्कूल में एक किताब की जरूरत थी। क्लास टीचर के कहने पर वह किताब लेने उनके ऑफिस गई। छात्रा के मुताबिक, वहां कोई नहीं था और वह डेक में रखी किताबों में अपनी जरूरत की किताब तलाश रही थी। इसी दौरान चपरासी प्रिंस पाल वहां पहुंचा।

करीब 55 सेकेंड के सीसीटीवी फुटेज में चपरासी छात्रा के पीछे से ऑफिस में आता दिखता है। कुछ देर बाद वह उसे पीछे से पकड़कर दीवार और अलमारी के बीच दबोचता और जबरदस्ती किस करता दिखाई देता है। छात्रा विरोध कर खुद को छुड़ाकर बाहर निकलने लगती है। आरोपित उसका हाथ पकड़ने की कोशिश करता है, लेकिन वह वहां से निकल जाती है।

जांच में जुटी पुलिस

छात्रा ने आरोप लगाया कि आरोपित ने स्कूल के सीसीटीवी सिस्टम से घटना का फुटेज निकालकर दोस्तों को दिखाया और उसे बदनाम कर रहा था। बाद में छात्रा ने मां को पूरी बात बताई, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दी गई। मामले की जांच एएसआई रविंदर सिंह कर रहे हैं। पुलिस शिकायत और फुटेज से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।