सिद्धू मूसेवाला के पूर्व मैनेजर के पिता सौदागर सिंह गिरफ्तार, बरनाला पुलिस की बड़ी कार्रवाई
बरनाला पुलिस ने पंजाबी गायक गुलाब सिद्धू के घर के बाहर हुई फायरिंग के मामले में सिद्धू मूसेवाला के पूर्व ...और पढ़ें

सिद्धू मूसेवाला के पूर्व मैनेजर के पिता सौदागर सिंह गिरफ्तार। फोटो जागरण
HighLights
गुलाब सिद्धू फायरिंग मामले में सौदागर सिंह की गिरफ्तारी।
सिद्धू मूसेवाला के पूर्व मैनेजर शगनप्रीत के पिता हैं।
हाईकोर्ट के जांच आदेश के बाद हुई यह कार्रवाई।
संवाद सहयोगी, खन्ना। पंजाबी गायक गुलाब सिद्धू के घर के बाहर हुई फायरिंग के मामले में बरनाला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दिवंगत गायक सिद्धू मूसेवाला के पूर्व मैनेजर शगनप्रीत सिंह के पिता सौदागर सिंह को खन्ना से गिरफ्तार किया है।
वह वीरवार को अदालत में पेशी के लिए प्रेम वैष्णो ढाबे पहुंचे थे। इसी दौरान बरनाला पुलिस की टीम ने उन्हें हिरासत में ले लिया। बरनाला पुलिस ने खन्ना सिटी थाना पुलिस को इसकी सूचना दी, जिसके बाद थाने में डीडीआर दर्ज की गई। इसके बाद पुलिस टीम सौदागर सिंह को अपने साथ बरनाला ले गई। उनसे गुलाब सिद्धू के घर के बाहर 12 सितंबर की रात हुई फायरिंग के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
पुलिस की जांच अब शगनप्रीत के परिवार तक पहुंची
पुलिस की जांच अब शगनप्रीत सिंह के परिवार तक पहुंच गई है। हालांकि, सौदागर सिंह की इस मामले में क्या भूमिका है, इसका खुलासा पूछताछ के बाद ही होगा। इससे पहले खन्ना में फायरिंग और फिरौती से जुड़े मामलों में शगनप्रीत के माता-पिता को नामजद कर गिरफ्तार किया जा चुका है।
इन मामलों को लेकर उनके माता-पिता ने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट का रुख किया था। खन्ना पुलिस से जुड़े तीन मामलों की जांच के लिए हाईकोर्ट ने हाल ही में डीआइजी स्तर के अधिकारी से जांच करवाने के निर्देश दिए थे। इसके अगले ही दिन सौदागर सिंह की गिरफ्तारी सामने आई है। खन्ना सिटी थाना प्रभारी संदीप कुमार ने सौदागर सिंह की गिरफ्तारी की पुष्टि की है।
