सलमान खान को लगी ठंड, फिरोजपुर रोड पहुंचकर खरीदे गर्म कपड़े
मौसम के बदले मिजाज के बाद सल्लू मियां को ठंड महसूस हुई तो गर्म कपड़ों की खरीदारी के लिए अपनी सुरक्षा टीम के साथ माल पहुंचे।शोरूम के बाहर प्रशंसकों का जमावड़ा लगा रहा।
[राधिका कपूर, लुधियाना] फिल्म भारत की शूटिंग में गैप देकर मुंबई गए सलमान खान शनिवार को फिर एक बार शहर लौट आए। हालांकि पिछले दो दिन से मौसम के बदले मिजाज के बाद सल्लू मियां को ठंड महसूस हुई और उन्होंने गर्म कपड़ों की खरीदारी के लिए अपनी सुरक्षा टीम के साथ अचानक मॉल्स का रुख किया। लुधियाना में शूटिंग करने पहुंचे सलमान संभवता पहली बार पब्लिक प्लेस में दिखे हैं।
मुंबई और लुधियाना के न्यूनतम तापमान में करीब 15 डिग्री सेल्सियस का अंतर है, जिसकी वजह से सलमान खान को गर्म कपड़ों के लिए लुधियाना में शॉपिंग करनी पड़ी। अभिनेता जब मुंबई से चले थे तो उस समय मुंबई का अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस था। वहीं जब वह लुधियाना पहुंचे तो यहां का अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान दस डिग्री रहा। इसलिए सलमान को तापमान में अंतर के चलते लुधियाना में शॉपिंग करनी पड़ी। शनिवार को वे अपने शूटिंग स्थल से 20 किमी की दूरी पर फिरोजपुर रोड पहुंचे। शाम साढ़े छह बजे ग्रैंड वॉक में बने शोरूम हार्ले डेविडसन से शॉपिंग की।
अभिनेता ने करीब पंद्रह मिनट तक शोरूम से कपड़ों की खरीदारी की। यहां से दो लोअर, नीले रंग की एक स्वेट शर्ट व एक कैप खरीदी। बताया गया कि ग्रैंड वॉक के बाद अभिनेता वेस्टर्न मॉल भी कुछ समय के लिए गए। बता दें कि रायपुर किला स्थित गांव बल्लोवाल में फिल्म भारत की शूटिंग चल रही है, जिसमें सलमान खान लीड रोल में हैं।
थम गया ट्रैफिक, लोग कहते रहे सल्लू आया
हालांकि सलमान खान के शोरूम में आने की किसी को भनक भी नहीं लगी। जैसे ही वह अपनी कार से उतरे और सिक्योरिटी गार्ड के साथ शोरूम की ओर चलने लगे तो वहां मौजूद लोगों को अभिनेता के आने का पता चल गया, जिसके चलते शोर बढ़ता गया और शोरूम के बाहर प्रशंसकों का जमावड़ा लग गया। लोग दूर से वीडियो बनाते रहे। अभिनेता ने किसी के साथ फोटो नहीं कराई। वह चुपचाप शोरूम से निकल गाड़ी में बैठ चले गए। इस दौरान वहां ट्रैफिक थम गया।