बिल्डिंग ब्रांच में फैले भ्रष्टाचार के खिलाफ आरटीआइ एक्टिविस्ट रोहित सभ्रवाल धरने पर बैठे
आरटीआइ एक्टिविस्ट रोहित सभ्रवाल लंबे समय से बिल्डिंग ब्रांच में फैले भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाते रहे हैं।
लुधियाना, जेएनएन। नगर निगम की बिल्डिंग ब्रांच में भ्रष्टाचार किसी से छुपा नहीं है। बिल्डिंग ब्रांच की कारगुजारी पर पार्षद से लेकर मेयर तक सवाल खड़े कर चुके हैं। बुधवार को रोहित सभ्रवाल जोन डी में धरने पर बैठे। आरटीआइ एक्टिविस्ट रोहित सभ्रवाल लंबे समय से बिल्डिंग ब्रांच में फैले भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाते रहे हैं। उन्होंने आरटीआइ के जरिए शहर में हो रहे अवैध निर्माणों का खुलासा भी किया लेकिन निगम की तरफ कोई कार्रवाई नहीं की गई।
रोहित सभ्रवाल का आरोप है कि बिल्डिंग ब्रांच के अफसर ही अवैध निर्माण करवाने के लिए जिम्मेदार हैं। अवैध तरीके से शहर में चैंज ऑफ लैंड यूज किया जा रहा है। बिना नक्शा पास करवाए इमारतों का निर्माण किया जा रहा है जिनसे सीधे तौर पर बिल्डिंग ब्रांच के अफसरों की सेटिंग होती है। रोहित सभ्रवाल ने निगम कमिश्नर को साफ कह दिया कि अगर उन्होंने बिल्डिंग ब्रांच में फैले भ्रष्टाचार की जांच नहीं की तो वह इसकी शिकायत मंत्री व मुख्यमंत्री तक करेंगे। यही नहीं अगर उन्हें कोर्ट का रास्ता अपनाना पड़े तो वह कोर्ट जाने से भी नहीं करताएंगे।
रोहित सभ्रवाल ने कहा कि बिल्डिंग ब्रांच की कमेटी भी इंस्पेक्टर से लेकर कमिश्नर तक की क्लास लगा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि वह आज पूरे दिन धरने पर रहेंगे और उसके बाद अगर कार्रवाई नहीं की गई तो व अपने संघर्ष को तेज करेंगे।