Paryaavaran Sanrakshan : पंजाब में हरियावल मुहिम को गति देगा आरएसएस, लुधियाना में आयाेजित हाेगा समाराेह
प्रदेश प्रमुख राम गोपाल भी लुधियाना आ रहे हैं। टैगोर पब्लिक स्कूल अग्रनगर में प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। जिसमें प्रदेश भर के सभी जिलों से मुहिम में जुड़ी टीम भी आएगी। टीम से जुड़े सभी कार्यकर्ताओं को पर्यावरण रक्षक का नाम दिया गया है।
लुधियाना, जेएनएन। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (RSS) देशभर में पर्यावरण संरक्षण को लेकर हरियावल मुहिम चला रहा है। इसकी शुरुआत देशभर में तुलसी पूजन से शुरू की गई। इसी मुहिम के तहत पंजाब में हरियावल पंजाब के नाम से पर्यावरण संरक्षण की मुहिम चल रही है। यह मुहिम प्रदेश स्तर से लेकर जिला स्तर व शाखा स्तर तक चलाई जा रही है। पंजाब में इस मुहिम को अच्छा समर्थन मिल रहा है और अब इसे और गति देने के लिए हरियावल मुहिम के राष्ट्रीय प्रमुख गोपाल आर्य लुधियाना आ रहे हैं। लुधियाना में प्रदेशभर से इस मुहिम में जुड़े कार्यकर्ता भी पहुंच रहे हैं।
इसके साथ ही प्रदेश प्रमुख राम गोपाल भी लुधियाना आ रहे हैं। टैगोर पब्लिक स्कूल अग्रनगर में प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। जिसमें प्रदेश भर के सभी जिलों से मुहिम में जुड़ी टीम भी आएगी। टीम से जुड़े सभी कार्यकर्ताओं को पर्यावरण रक्षक का नाम दिया गया है। बेहतरीन काम करने वाली टीम को सम्मानित भी किया जाएगा। हरियावल मुहिम के तहत इस समय सूबे को पालीथिन मुक्त बनाने पर जोर दिया जा रहा है। इसके लिए प्लास्टिक बोतलों में पालीथिन भरकर इको ब्रिक्स बनवाई जा रही हैं।
मुहिम से जुड़ चुके हैं कई लोग
इस मुहिम से काफी लोग जुड़ चुके हैं। लोग पालीथिन का इस्तेमाल न करें इसके लिए इको ब्रिक बनाने वालों को बाकायदा कपड़े का थैला दिया जा रहा है। इस मुहिम में पंजाब भर से युवक, बच्चे, महिलाएं अपना सहयोग दे रही हैं। मुहिम के प्रदेश प्रमुख राम गोपाल ने बताया कि लुधियाना में बेहतरीन सहयोग मिल रहा है। अब इसी मुहिम के तहत नर्सरी लगाई जा रही हैं। उसके बाद पूरे प्रदेश में पौधे लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पौधे लगाने के लिए भी वह आम जन को जोड़ेंगे और उन्हें पौधे लगाने के साथ साथ उनकी देखभाल के लिए भी जिम्मेदारी देंगे। उसमें भी प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी।