आरएसएस ने विजयादशमी पर किया शस्त्र पूजन और पथ संचलन
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने पथ संचलन व शस्त्र पूजन के साथ विजयदशमी पर्व मनाया।
जागरण संवाददाता, लुधियाना: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने पथ संचलन व शस्त्र पूजन के साथ विजयदशमी पर्व मनाया। महानगर के सुखदेव व विश्वकर्मा भाग में दो जगह हुए इन आयोजन में बड़ी संख्या में जुटे पदाधिकारियों व स्वयंसेवकों ने परम्परा अनुसार समारोह का आयोजन किया। विश्वकर्मा भाग का कार्यक्रम चंडीगढ़ रोड जमालपुर स्थित यूएसपीसी स्कूल में हुआ। जबकि सुखदेव भाग का आयोजन नूरवाला रोड़ के ढिल्लों मैदान में किया गया। आयोजन में मुख्य वक्ता के तौर पर उपस्थित पंजाब प्रांत कार्यवाह विनय कुमार ने पर्यावरण की रक्षा का आहवान किया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ लुधियाना विभाग प्रचारक जितेंद्र कुमार ने पंजाब के पानी, जवानी व विरसे रक्षा का संदेश दिया।
यूएसपीसी जैन स्कूल में हुए विजयदशमी पर्व में मुख्य वक्ता के तौर पर शामिल हुए लुधियाना विभाग प्रचारक जितेंद्र कुमार, कार्यक्रम अध्यक्ष भगवन दास शर्मा, लुधियाना विभाग संघचालक महिदरपाल जैन व भाग संघचालक रिशी पारिख ने शस्त्र पूजन करके आयोजन का शुभारंभ किया। जतिदर कुमार ने विजय दशमी पर्व का महत्व बताया। वहीं, ढिल्लों मैदान में हुए पर्व के आयोजन का शुभारंभ पंजाब प्रांत कार्यवाह विनय कुमार, लुधियाना विभाग कार्यवाह दलबीर नंदा, जिला कार्यवाह राकेश कुमार ने शस्त्र पूजन के साथ किया। मुख्य वक्ता विनय कुमार ने पर्यावरण और प्रकृति की रक्षा के लिए स्वयंसेवकों का आह्वान करते हुए कहा कि अधिक से अधिक पेड़ लगाने व पालने चाहिए। पेड़ और पानी को धरती में संरक्षित रखना ही उद्देश्य होना चाहिए। विनय कुमार ने प्लास्टिक पर धीरे धीरे निर्भरता कम कर पूर्ण रोक लगाने पर जोर दिया। पर्यावरण, धरती और पानी का दुश्मन प्लास्टिक अब समय रहते खत्म हो जाना चाहिये। उन्होंने कहा कि मानवता का उद्देश्य सबके कल्याण और सुख में निहितार्थ है। संघ द्वारा किए जा रहे कार्याें को सराहते हुए मुख्य वक्ता ने कहा कि इनको देखकर संतुष्टि मिलती है व साथ ही प्रेरणा कि समाज का हर काम निस्वार्थ भाव से किया जाना चाहिए। इसी से देश आगे बढ़ता रहे ओर भारत माता की जय जयकार हो।