Punjab Weather News: तेज हवाओं और बादलों से तापमान में आई कमी, दो दिन बाद नया पश्चिमी विक्षोभ होगा सक्रिय
पंजाब में अगले दो दिन भीषण गर्मी रहेगी। तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी भी दर्ज की जा सकती है। दो दिन मौसम शुष्क रहेगा और उसके बाद पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। ऐसे में तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी।
लुधियाना, जागरण संवाददाता। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव की वजह से बुधवार मध्यरात्रि से पंजाब में मौसम के गर्म तेवर थोड़े नरम पड़ गए हैं। शुक्रवार को पंजाब के कई जिलों में सुबह से लेकर दोपहर तक तेज हवाएं चली और कई जिलों में दिन के समय धूप और बादलों के बीच आंख मिचौली का खेल चला। जिसका असर तापमान पर भी पड़ा।
लुधियाना को छोड़कर ज्यादातर जिलों में अधिकतम तापमान 36 से 37 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया। लुधियाना में तापमान 39.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अमृतसर, गुरदासपुर व होशियारपुर में 38 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। वहीं बरनाला, जालंधर, मुक्तसर, चंडीगढ़, फिरोजपुर, मोहाली, मोगा, एसबीएस नगर में तापमान 36 से 37 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया।
अब दो दिन शुष्क रहेगा मौसम
दूसरी तरफ, मौसम केंद्र चंडीगढ़ के पूर्वानुमान की मानें तो 21 मई तक पंजाब में मौसम शुष्क रहेगा। दो दिनों तक भीषण गर्मी झेलनी होगी और तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होगी।
फिर सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ
इसके बाद, 22 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है। जिसकी वजह से दो दिनों तक पंजाब में दोबारा से बादल व धूल भरी तेज हवाओं व आंधी की वापसी हो सकती है। मौसम में बदलाव आने से तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी।