Punjab Weather forecast: पल-पल रंग बदल रहा माैसम, अगले दो दिन में पंजाब के कई जिलों में हाेगी बारिश
Punjab Weather forecast पंजाब में मौसम पल-पल बदल रहा है। मौसम वैज्ञानिकों ने अगले दो दिन कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है।
जेएनएन, लुधियाना। Punjab Weather forecast: पंजाब में मौसम पल-पल अपना मिजाज बदल रहा है। बुधवार देर रात से वीरवार सुबह तक पंजाब के कई जिलों में बादल जमकर बरसे। अभी भी कई जगह बारिश की झड़ी लगी हुई है, जबकि कई जिलों में बादल छंटने लगे हैं। मौसम विभाग ने अगले दो दिन पंजाब के कई हिस्सों में जोरदार बारिश का पूर्वानुमान जताया है।
लुधियाना में पिछले कई दिनों से मौसम का मिजाज रंग बदल रहा है। कभी बादल आ जाते है, तो कभी झमाझम बारिश और क़भी धूप। बादलों से हुई सुबह की शुरुआत, जैसे-जैसे दिन बढ़ा तो धूप बढ़ती गई। वीरवार को भी मौसम पल पल बदला। सुबह जब लोगों की आंख खुली तो घने बादल थे। बादलों ने सुबह दस बजे तक आसमान को अपनी आगोश में लिए रखा। ऐसा लग रहा था जैसे अब मेघ बरसने लगेंगे।
लुधियाना में सुबह काले घने बादल छाए रहे, लेकिन दस बजे बाद अचानक धूप खिल गई।
लुधियाना में दस बजे के बाद मौसम अचानक बदला। बादल एकाएक गायब हो गए और तेज धूप निकल आई। कुछ ही देर में मौसम को बदलता देख लोगों ने कहा कि मौसम दगाबाज है। हालांकि फिर सुबह साढ़े ग्यारह बजे से आसमान में बादलों की आवजाही शुरू हो गई।
इंडिया मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट चंडीगढ़ के पूर्वानुमान की मानें तो आने वाले दो दिनों में पंजाब के कई जिलों में बारिश हो सकती है। बठिंडा, मानसा, फरीदकोट में केवल बादल छाए रह सकते है या हल्की बारिश हो सकती है। सुबह साढ़े 11 बजे के करीब शहर का तापमान 30 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।