Punjab Weather: बूंदाबांदी और बादल छाने से सुहावना हुआ मौसम, 30 से 32 डिग्री पर सिमटा तापमान, जानें पूरा अपडेट
पंजाब में बीते दो दिन हुई बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया है। पंजाब के अधिकतर जिलों में तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस पर सिमटा रहा। मौसम विभाग की मानें तो मई के अंत तक गर्मी से राहत रहेगी।
लुधियाना, जागरण संवाददाता। पश्चिम विक्षोभ के सक्रिय होने से पंजाब में वीरवार से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। गर्मी गायब है और सुहावना मौसम लोगों को राहत पहुंचा रहा है। शनिवार को भी पंजाब के कई जिलों में बादल छाए रहने, हल्की वर्षा व बूंदाबांदी की वजह से लोगों को भीषण गर्मी के प्रकोप से राहत मिली।
पंजाब के ज्यादातर जिलों में दिन का तापमान सामान्य से दस से बारह डिग्री सेल्सियस कम रहा और 30 से 32 डिग्री सेल्सियस पर सिमटा रहा। जबकि मई के आखिरी सप्ताह में पंजाब के ज्यादातर जिलों में अधिकतम तापमान 40 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच रहता है। सबसे कम तापमान मुक्तसर में रहा। जहां अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कहां-कितना रहा तापमान
वहीं, लुधियाना में अधिकतम तापमान 32.9 डिग्री सेल्सियस, पटियाला में 33.9 डिग्री सेल्सियस, जालंधर में 33 डिग्री सेल्सियस, अमृतसर में 33.6 डिग्री सेल्सियस, चंडीगढ़ में 32 डिग्री सेल्सियस, बठिंडा में 35.2 डिग्री सेल्सियस, फिरोजपुर में 31.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
दूसरी तरफ, मौसम केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार 31 मई तक पंजाब में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गरज के साथ छींटे पड़ने, हल्की वर्षा की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान में चार से पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है।