प्रोफेशनल टैक्स का बायकाट कर पूरे पंजाब में चेतना मार्च निकालेंगे व्यापारी
पंजाब प्रदेश व्यापार मंडल की बैठक राज्य महासचिव सचिव सुनील मेहरा जिला अध्यक्ष अवतार सिंह मक्कड़ चेयरमैन पवन लहर की अध्यक्षता में अन्नपूर्णा रेस्टोरेंट सिविल लाइन में आयोजित की गई।
जागरण संवाददाता, लुधियाना : पंजाब प्रदेश व्यापार मंडल की बैठक राज्य महासचिव सचिव सुनील मेहरा, जिला अध्यक्ष अवतार सिंह मक्कड़, चेयरमैन पवन लहर की अध्यक्षता में अन्नपूर्णा रेस्टोरेंट सिविल लाइन में आयोजित की गई। मीटिग में जीएसटी और पंजाब सरकार की व्यापार के प्रति नीतियों पर चर्चा की गई।
मुख्यातिथि के रूप में पंजाब भाजपा के महासचिव जीवन गुप्ता विशेष रूप से सम्मिलित हुए। इस दौरान राज्य महासचिव सुनील मेहरा ने कहा कि आज जीएसटी में अनेक त्रुटियां हैं, जिसके कारण आज व्यापारी व्यापार करने में खुद को असमर्थ महसूस कर रहा है। वहीं अफसरशाही व्यापारियों पर हावी हो रही है। सरकार द्वारा जीएसटी में प्रतिदिन संशोधन कर नए नियम लागू किए जा रहे हैं, जिसके कारण व्यापारी असमंजस में हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को जीएसटी का सरलीकरण कर सभी व्यापारियों को राहत देनी चाहिए। वही पंजाब सरकार की व्यापार विरोधी नीतियों के विरुद्ध पंजाब प्रदेश व्यापार मंडल पूरे राज्य में पंजाब में चेतना मार्च निकलने जा रहा है, ताकि व्यापारियों को उनके अधिकारों के बारे में जागरूक करवाया जा सके।
जिला अध्यक्ष अरविदर सिंह मक्कड़ ने कहा कि पंजाब सरकार ने 2018 से व्यापारियों के ऊपर जो प्रोफेशनल टैक्स लगाया है। उसको पंजाब प्रदेश व्यापार मंडल कतई बर्दाश्त नहीं करेगा। इसका पूरे पंजाब में बायकाट किया जाएगा।
चेयरमैन पवन लहर ने कहा कि पंजाब सरकार ने व्यापारियों को 5 रुपए प्रति यूनिट बिजली देने का जो 4 वर्ष पूर्व वादा किया था वो आज तक पूरा नहीं किया। व्यापारी पंजाब में सबसे महंगी बिजली लेकर भी सरकार को टैक्स दे रहे हैं, परंतु सरकार उनकी मांगों को अनदेखा कर रही है।
मंडल के सुंदर नगर होजरी एसोसिएशन के महासचिव पवन मल्होत्रा व मुख्य सलाहकार चरणजीत भार्गव ने कहा कि 2022 में चुनाव हैं, जिसको लेकर कोड ऑफ कंडेक्ट तीन महीने बाद पंजाब में लग जाएगा। उन्होंने कहा कि आज लुधियाना में व्यापारियों ने सरकार विरोधी नीतियों को लेकर अपना बिगुल बजा दिया है। अगर सरकार नहीं जागी तो उसके मंत्रियों का घेराव किया जाएगा और धरने प्रदर्शन पूरे पंजाब में कर व्यापारी ताकत से सरकार को परिचित कराया जाएगा।
मीटिग में महानगर की विभिन्न एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर आपने सुझाव दिए। इस अवसर पर अशोक महाजन, रमेश महाजन, पवन मल्होत्रा, अमित गुप्ता, वेद भंडारी, जितेंद्र नंदा, हरिदर ठाकुर, हरीश सग्गड़, राजन हंस, विजन गुप्ता, विजय चोपड़ा, डिप्टी कपूर, सुरेश सैनी, अतुल कपूर, शिव सोहल, राजीव अरोड़ा, नीरज बिरला, हरभजन राणा, विमल कुमार, बनवारी हरजाई, मोहिद्र धवन सीए रवि गुप्ता, अवनीश गोयल, संजय कुमार, जगजीत सिंह, कमल गुप्ता, कौशल वालिया, संजय गोसाईं आदि उपस्थित हुए। जल्द ही उप वित मंत्री अनुराग ठाकुर से मिलेंगे लुधियाना के व्यापारी : जीवन गुप्ता
पंजाब राज्य महासचिव जीवन गुप्ता ने पंजाब प्रदेश व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि जीएसटी को लेकर उनकी मीटिग जल्द ही लुधियाना में उप वित मंत्री अनुराग ठाकुर से करवाई जाएगी। उन्होंने पंजाब के व्यापारियों की जितने भी मांगे हैं वो उसको केंद्र सरकार के सम्मुख रखेंगे और इस ऊपर जो भी केंद्र सरकार का फैसला आएगा उसको जल्द ही लागू किया जाएगा।