मेजबान पंजाब ने सीबीएसईडब्ल्यूएसओ को 16-0 से हरा जीता हॉकी मैच
मेजबान पंजाब की लड़कियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए यहां चल रही नेशनल गेम्स में हॉकी में सीबीएसईडब्ल्यूएसओ को 16-0 के अंतर से करारी शिकस्त दी।
जासं, लुधियाना। मेजबान पंजाब की लड़कियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए यहां चल रही नेशनल गेम्स में हॉकी में सीबीएसईडब्ल्यूएसओ को 16-0 के अंतर से करारी शिकस्त दी। छत्तीसगढ़ की लड़कियों ने मध्य प्रदेश को 2-0, हरियाणा ने गुजरात को 9-0 से, तमिलनाडु ने उत्तर प्रदेश को 2-0 से, कर्नाटक ने उत्तराखंड को 4-0, राजस्थान ने विद्या भारती को 22-1 से और ओडिशा ने पुड्डुचेरी को 4-0 से मात दी। केरल और दिल्ली के बीच मैच बराबरी पर छूटा, जबकि डीएवी को जेएंडके के खिलाफ वाकओवर मिला। लड़कों के मुकाबलों में सीआइएससीई ने उत्तराखंड को 5-3 से, बिहार ने जेएंडके को 1-0 से, तेलंगाना ने आइपीएसई को 3-2 से, दिल्ली ने आइपीएसई को 2-0, हरियाणा ने तमिलनाडु को 4-0, ओडिशा ने मध्य प्रदेश को 8-2 से, पुड्डचेरी ने छत्तीसगढ़ को 2-0 से, उत्तर प्रदेश ने महाराष्ट्र को 6-0 से, कर्नाटक ने केवीएस को 4-0 और गुजरात ने विद्या भारती को 7-0 से हराया।
मार्शल आर्ट में दोनों स्वर्ण पंजाब के नाम मेजबान पंजाब की रबिया ने मार्शल आर्ट के 36 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण जीतने का गौरव हासिल किया। दिल्ली की मनीषा दूसरे स्थान पर रही। महाराष्ट्र की विधि और विद्या भारती की अदिती सक्सेना संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रही। 40 किलोग्राम वर्ग में पंजाब की अमनप्रीत कौर पहले, दिल्ली की हिमानी दूसरे और महाराष्ट्र की साक्षी व ओडिशा की फरहत बेगम तीसरे स्थान पर रही।
रेसलिंग में मेडल और ट्रॉफी जीत लौटे खिलाडि़यों का स्वागत
उधर पंजाब विश्वविद्यालय की ओर से करवाए गए रेसलिंग मुकाबलों में बौंदली के मालवा कॉलेज के खिलाड़यों ने स्वर्ण पदक अपने नाम किए। टीम का कॉलेज लौटने पर प्रबंधन एवं स्टाफ सदस्यों ने स्वागत किया। कॉलेज की कार्यकारी प्रिंसिपल प्रो. परमजीत कौर, शरीरिक शिक्षा विभाग के प्रभारी प्रो. गुरप्रीत सिंह और अमरदीप सिंह ने बताया कि पंजाब विश्वविद्यालय की ओर से गरीको रोमन रेसलिंग और फ्री स्टाइल रेसलिंग मुकाबलों का आयोजन किया गया। इनमें कॉलेज के खिलाड़ी अमनदीप सिंह, हरिंदरपाल सिंह, नवजोत सिंह, मनदीप पूनियां सभी ने स्वर्ण पदक अपने नाम किए जबकि अमनदीप सिंह ने सिल्वर और नवजोत सिंह ने कांस्य पदक हासिल किया। खिलाडि़यों ने कुल छह पदक हासिल किए। पंजाब विश्वविद्यालय द्वारा इनाम वितरण समारोह में मालवा कॉलेज ने कुश्ती मे ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी प्राप्त की। कॉलेज के खेल विभाग की इस प्राप्ति पर प्रबंधक कमेटी ने प्रधान बलबीर सिंह राजेवाल, उपप्रधान आलमदीप सिंह, मेंबर परमिंदर सिंह पालमाजरा, डायरेक्टर जगमोहन सिंह ने विजेताओं को सम्मानित किया।