कांग्रेस रैली के कारण डेढ़ घंटे तक जाम में दर्द से तड़पती रही गर्भवती महिला Ludhiana News
महिला के परिजन उसे श्री राम चैरिटेबल अस्पताल दरेसी के लिए ई-रिक्शे पर निकले थे लेकिन कांग्रेस की रैली के कारण उसे अस्पताल की तरफ नहीं जाने दिया गया।
लुधियाना, जेएनएन। चुनावी रैलियों में जमा हुई भीड़ के कारण अकसर आम लोगों को अपने जरूरी काम निपटाने के लिए मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। नेताओं की सुरक्षा के नाम पर शहरों की मुख्य सड़कों को बंद तक कर दिया जाता है और इसका खामियाजा जनता को भुगतना पड़ता है। कुछ ऐसा ही सोमवार को लुधियाना में हुई कांग्रेस की संविधान बचाओ, देश बचाओ रैली के दौरान देखने को मिला। जहां रैली की वजह से जाम लगा होने के कारण एक गर्भवती महिला दर्द से तड़पती रही।
जानकारी के अनुसार दर्द उठने के बाद महिला के परिजन उसे श्री राम चैरिटेबल अस्पताल दरेसी के लिए ई-रिक्शे पर निकले थे, जो करीबन पांच सौ मीटर की दूरी पर ही था। लेकिन गिरजाघर चौक में कांग्रेस की संविधान बचाओ, देश बचाओ रैली निकाली जानी थी, इसलिए उसे अस्पताल की तरफ नहीं जाने दिया गया। इस कारण महिला डेढ़ घंटे तक दर्द से तड़पती रही। जाम खुलने के बाद उसे अस्पताल पहुंचाया जा सका।
बता दें कि नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के विरोध में सोमवार को पंजाब कांग्रेस ने ‘संविधान बचाओ, देश बचाओ’ पैदल मार्च निकाला था। इस मार्च में मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह, प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़, आशा कुमारी, मनप्रीत बादल समेत कई दिग्गज नेता शामिल हुए थे।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें