बादल बोले- प्रियंका के आने से नहीं पड़ता फर्क, उन्हें राजनीति की ड्राइवरी तक नहीं आती
पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी पर तंज कसा। कहा कि राजनीति भी एक गाड़ी है। इसका ड्राइवर मंझा नेता ही होता है।
जेएनएन, लुधियाना। पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी पर तंज कसा। कहा कि राजनीति भी एक गाड़ी है। इसका ड्राइवर मंझा नेता ही होता है। प्रियंका गांधी को तो राजनीति की ड्राइवरी तक नहीं आती। प्रियंका के कांग्रेस पार्टी का महासचिव बनने से कोई फर्क नहीं पड़ेगा। आगामी लोकसभा चुनाव में एनडीए की ही सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि पंजाब में भी शिअद-भाजपा गठबंधन को ही अधिक सीटें मिलेंगी। उधर लगातार टकसाली अकालियों की ओर से पार्टी छोडऩे को लेकर बादल ने कहा कि अब कोई भी टकसाली अकाली दल छोड़कर नहीं जा रहा।
बादल ने कांग्रेस के महागठबंधन पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इस जमाने में एक घर में दो भाई तो इकट्ठे रह नहीं सकते और कांग्रेस इतना बड़ा महागठबंधन बनाने में जुट गई है। उन्होंने कहा कि जब सभी पार्टियां सीटों को लेकर बंटवारा करेंगी तो महागठबंधन टूटता नजर आएगा। इस बयान के बाद उनका इशारा यह भी माना जा रहा था कि प्रकाश सिंह बादल और उनके भाई गुरदास बादल भी अलग-अलग पार्टियों से जुड़े हुए हैं।
पूर्व सीएम ने कहा कि एनडीए का गठबंधन काफी मजबूत है और शिअद व भाजपा का गठबंधन कभी टूट नहीं सकता। शिअद की जो मांग थी, केंद्र सरकार ने उसे पूरा कर दिया है। अस्पताल में अपने पुराने साथी मान सिंह का हालचाल जानने आए पूर्व सीएम ने पश्चिम बंगाल में पुलिस और सीबीआइ के आमने-सामने होने, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी व मोदी सरकार के टकराव को लेकर कन्नी काट ली। उन्होंने कहा कि वह सिर्फ पंजाब को लेकर बात करेंगे। देश में काफी कुछ होता रहता है। इस मुद्दे पर उन्होंने बात करने से मना कर दिया।
भाजपा के साथ गिले-शिकवे हुए दूर
पूर्व सीएम प्रकाश सिंह बादल ने यहां कहा कि अकाली दल के भाजपा के साथ गिले-शिकवे दूर हो गए हैं। शिअद-भाजपा का रिश्ता राज्य में भाईचारे का प्रतीक है तथा भाईचारक सांझ का यह रिश्ता कायम रहना बेहद जरूरी है। शिअद-भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि शिअद-भाजपा सरकार के समय राज्य में भारी विकास कार्य हुए, लेकिन लोगों ने वोट डालते समय उनका ध्यान नहीं रखा। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के लिए शिअद पूरी तरह तैयार है। बठिंडा लोकसभा सीट से उम्मीदवार के बारे में उन्होंने कहा कि इसका फैसला पार्टी करेगी।