महिला पुलिस अधिकारी के सामने छात्राएं बोलीं-कॉलेज के बाहर ही होती है छेड़छाड़
पुलिस वीक के तहत बुधवार को शहर के विभिन्न कॉलेजों में पुलिस की ओर से जागरुकता सेमिनार का आयोजन किया गया था। इसी के तहत शहर के जीएनई कॉलेज और सरकारी कॉलेज ऑफ वूमेन में सेमिनार का आयोजन किया गया।
जासं, लुधियाना : पुलिस वीक के तहत बुधवार को शहर के विभिन्न कॉलेजों में पुलिस की ओर से जागरुकता सेमिनार करवाए गए। इसी के तहत शहर के जीएनई कॉलेज और सरकारी कॉलेज ऑफ वूमेन में सेमिनार का आयोजन किया गया। इस दौरान स्टूडेंट्स को उनके अधिकारों और होने वाले क्राइम से निपटने संबंधी जानकारी दी गई। सरकारी कॉलेज ऑफ वूमेन में छात्राओं ने कहा कि कॉलेज के बाहर ही उनके साथ छेड़छाड़ होती है और यह कार्रवाई घर तक जारी रहती है।
कॉलेज के बाहर खड़े भिखारी और रिक्शा चालक सबसे बड़ी परेशानी हैं। वह इनके खिलाफ शिकायत भी दे चुके हैं मगर इस तरफ ध्यान नहीं दिया जाता। शहर में बेहद कम जगहों पर महिला पुलिस कर्मचारी होती हैं, जिन्हें वह खुलकर अपनी बात कह सकें। यही नहीं बसों में सबसे ज्यादा छेड़छाड़ का सामना करना पड़ता है। इसके बाद यहां आई पीपीएस माधवी शर्मा ने बताया कि इसकी शिकायत शक्ति एप के जरिए पुलिस को दी जा सकती है और इसमें आपका नाम भी गुप्त रखा जाएगा।
अगर बस में कोई छेड़छाड़ करता है तो आप तुरंत बस को रोक सकती हैं वहां पर कंट्रोल रूम में शिकायत कर पुलिस को वहां पर बुला सकते हैं। यही नहीं अगर कहीं पर दुष्कर्म जैसी घटना भी होती है तो इस पर भी पुलिस के पास शिकायत की जा सकती है। इसमें भी शिकायतकर्ता का नाम गुप्त रखा जाएगा। यही नहीं स्टूडेंटस को पुलिस की ओर से बनाए गए एप के बारे में भी जानकारी दी गई ताकि वह तुरंत वहां पर पुलिस को बुला सकें।