ऑनलाइन पुलिस, 'सोशल सुझाव' पर लाइक
कमिश्नरेट पुलिस कर्फ्यू के बीच लोगों से कनेक्ट के लिए सोशल मीडिया का पूरा प्रयोग कर रही है।
दिलबाग दानिश, लुधियाना
कमिश्नरेट पुलिस कर्फ्यू के बीच लोगों से कनेक्ट के लिए सोशल मीडिया का पूरा प्रयोग कर रही है। पुलिस कमिश्नर की ओर से इसके लिए विशेष टीम को लगाया है जो लोगों से इसके माध्यम से जुड़ी हुई है। पुलिस कमिश्नर खुद फेसबुक पेज को निरंतर चेक करते हैं और वहां मिलने वाले सुझाव को सही ढंग से लागू करने के लिए निर्देश भी दे रहे हैं। पुलिस कमिश्नर दो बार फेसबुक पर लाइव होकर किए जा रहे कार्यो संबंधी लोगों को बता चुके हैं। उनके पहले फेसबुक लाइव को करीब तीस हजार लोगों ने देखा था और इस पर एक हजार से भी ज्यादा लोगों के कमेंट और लाइक आए। इसके अलावा पुलिस टिवट्र हेंडल के जरिए भी लोगों से राबता बनाए हैं। इस पर की जाने वाले ट्वीट पर लोग रीट्वीट और सुझाव दे रहे हैं।
पुलिस की ओर से कोरोना वायरस से बचाव, लक्षण और इलाज के लिए भी सोशल मीडिया का सहारा लिया जा रहा है। इसके लिए बड़ी संख्या में वीडियो, एनिमेशन और इमेज वर्क के जरिए लोगों को जागरूक किया है। फेसबुक से ही लोगों को फिजीकल डिस्टेंस (शारीरिक दूरी), बचाव और इलाज संबंधी बताया जा रहा है। इस बारे में पुलिस निरंतर पोस्ट शेयर कर रही है।
एडीसीपी ने बताया, कैसे इस्तेमाल करते हैं मास्क
कमिश्नरेट में तैनात एडीसीपी आइपीएस सचिन गुप्ता की ओर से आठ मिनट की वीडियो बनाई गई। इसमें उनकी ओर से सभी तरह के मास्क संबंधी जानकारी दी है कि कौनसा मास्क किस लिए पहनना चाहिए, क्यों पहनना चाहिए और कितने समय तक पहनना चाहिए। यह भी बताया कि मास्क लगाने का सही तरीका क्या है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल भी हो रही है और लोग इसे सराह भी रहे हैं।
एप के जरिए राशन बांटेगी पुलिस
पुलिस ने खुद एक एप बनाया है जिससे जरूरतमंद लोगों तक राशन पहुंचाने का काम किया जाएगा। पुलिस कमिश्नर के अनुसार खाना काफी मात्रा में वेस्ट हो रहा था और दो टाइम लोगों के पास जाना भी पड़ता था। इसके चलते शारीरिक दूरी का भी ख्याल नहीं रखा जा सकता था। इसलिए अब राशन बांटने के लिए इस एप का सहारा लेंगे।
दूरी दूर करती है फेसबुक
कोरोना वायरस को हराने का सबसे बढि़या रास्ता फिजीकल डिस्टेंस है और इसका प्रावधान सोशल मीडिया है। इसके माध्यम से हम सभी एक दूसरे से दूर होकर भी पास रह सकते हैं। लोगों को ज्यादा से ज्यादा इसका प्रयोग करना चाहिए। पुलिस भी इसी पर ही काम कर रही है। यह लोगों से इस समय प्रचार का एकमात्र साधन है।
राकेश अग्रवाल, पुलिस कमिश्नर लुधियाना।