लोगों ने पकड़ा चोर, छत से मारी छलांग, बाजू टूटी
पुलिस ने सूचना मिलने के बाद उसे उसके घर से गिरफ्तार करके कोर्ट में पेश करके जेल भेज दिया।
जासं, लुधियाना : गुरु अर्जुन देव नगर में चोरी करने गए युवक को लोगों ने पकड़ लिया। चोर ने फरार होने के लिए छत से छलांग लगा दी इससे उसकी बाजू टूट गई। चोर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने सूचना मिलने के बाद उसे उसके घर से गिरफ्तार करके कोर्ट में पेश करके जेल भेज दिया।
जानकारी देते हुए लक्षकांत ने बताया कि वह गुरु अर्जुन देव नगर में वेहड़े में रहता है। वह 20 जून को कमरे को ताला लगाकर काम पर चला गया था। उसे पड़ोसी ने फोन करके बताया कि उसके कमरे में तीन युवक घुस गए थे, जिनमें से दो भाग गए ओर एक को लोगों ने पकड़ रखा है। जब वह घर पहुंचा तो लोग उस युवक से पूछताछ कर रहे थे, इतने वह मौका पाकर छत से भागने लगा। युवक ने कमरे की खिड़की से नीचे छलांग लगा दी। युवक ने नशा किया हुआ था और नीचे गिरने से उसकी बाजू टूट गई लेकिन वह फरार हो गया। पुलिस को इसी सूचना दी गई तो थाना डिवीजन नंबर छह से पुलिस पार्टी पहुंची तो उससे पहले ही युवक भाग चुका था। लोगों ने उसका नाम और पता पुलिस को बताया तो पुलिस ने उसके घर पर रेड करके उसे काबू कर लिया। पुलिस ने उससे दो अन्य युवकों संबंधी भी जानकारी ली है और उसे अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है। युवक की शिनाख्त राहुल कुमार निवासी शिमलापुरी के तौर पर हुई है, उसने अपने घर पर चोट लगने का कारण ऑटो पलटने से लगी चोट बताया था।