हरियाणा, चंडीगढ़ से शराब लाकर करते थे सप्लाई, 274 पेटी के साथ पकड़ा
चंडीगढ़ से सस्ती शराब लाकर यहां महंगे दाम पर बेचने वाले तस्कर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
जासं, लुधियाना : चंडीगढ़ और हरियाणा से सस्ती शराब लाकर यहां महंगे दाम पर बेचने वाले तस्कर को थाना दुगरी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसका दूसरा साथी फरार हो गया। आरोपित के कब्जे से टाटा-407 वाहन और उसमें रखी 274 पेटी शराब बरामद की गई।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर पकड़े आरोपित को शुक्रवार को अदालत में पेश किया। वहां से उसका रिमांड हासिल कर पूछताछ की जा रही है। एएसआइ अनवर मसीह ने बताया कि आरोपित की पहचान न्यू शिमला पुरी निवासी जतिदर कुमार के रूप में हुई। फरार साथी का नाम भोला मोगे वाला है। वीरवार की शाम पुलिस को सूचना मिली कि आरोपित दूसरे राज्यों से सस्ती शराब लाकर मोगा के तस्करों को होलसेल में सप्लाई करते हैं। आज भी वे लोग दोराहा की तरफ से आ रहे हैं। इस पर दुगरी नहर पुल पर नाकाबंदी कर जतिदर को उक्त टेंपो समेत काबू कर लिया गया, जबकि उसका साथी फरार हो गया। पुलिस आरोपितों के नेटवर्क संबंधी पूछताछ कर रही है।
घर में ही बना रखा था शराब सप्लाई का अड्डा, तीन गिरफ्तार
वहीं पुलिस ने अलग-अलग जगह कार्रवाई करते हुए तीन ऐसे शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है, जो अपने घरों में शराब सप्लाई का अड्डा बना धंधा कर रहे थे। उनके कब्जे से 14 पेटी और छह बोतल शराब बरामद की गई। आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। थाना टिब्बा पुलिस ने शक्ति नगर निवासी कृपाल सिंह उर्फ काला के घर में दबिश देकर उसे 10 पेटी शराब के साथ काबू किया। एएसआइ रणधीर सिंह ने बताया कि आरोपित अपने घर से ही शराब तस्करी का करता था। थाना कूमकलां पुलिस ने गांव बलिएवाल निवासी कमलजीत सिंह उर्फ कंबी के घर में रेड करके उसे तीन पेटी शराब के साथ काबू किया। थाना कूमकलां पुलिस ने ही गंव कनेच निवासी अजीत सिंह के घर में रेड करके उसे 18 बोतल शराब के साथ काबू किया।