नाबालिगा का अपहरण करने का आरोपित गिरफ्तार, 2 की तलाश
शादी का झांसा देकर नाबालिगा का अपहरण करने के आरोपित को थाना डिवीजन नंबर 6 की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से नाबालिगा को भी मुक्त करा लिया गया।
जासं, लुधियाना : शादी का झांसा देकर नाबालिगा का अपहरण करने के आरोपित को थाना डिवीजन नंबर 6 की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से नाबालिगा को भी मुक्त करा लिया गया। पुलिस ने आरोपित को बुधवार को अदालत में पेश किया। जहां से रिमांड हासिल करके पूछताछ की जा रही है। नाबालिगा का सिविल अस्पताल में मेडिकल कराया गया।
इंस्पेक्टर अमनदीप बराड़ ने बताया कि आरोपित की पहचान उत्तर प्रदेश के गोंडा स्थित बसंतपुर राजा निवासी अशोक कुमार वर्मा के रूप में हुई। पुलिस ने 25 मार्च को नाबालिगा के पिता की शिकायत पर अशोक कुमार, दीनानाथ तथा मनु के खिलाफ केस दर्ज किया था। अपने बयान में उसने बताया कि 21 मार्च की शाम 7 बजे आरोपित उसकी 15 वर्षीय बेटी को शादी का झांसा दे अगवा करके ले गया है। दीना नाथ व मनु ने इस काम के लिए उसकी आर्थिक तौर पर मदद की है। इस पर पुलिस ने तीनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया था। बुधवार सुबह सूचना के आधार पर चौकी मिलर गंज इंचार्ज बलवीर सिंह ने ढंडारी रेलवे स्टेशन के पास दबिश देकर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। अमनदीप बराड़ ने कहा कि पूछताछ में आरोपित ने बताया कि उन दोनों ने शादी कर ली है। मगर नाबालिगा से शादी करना भी अपराध है। मेडिकल रिपोर्ट के बाद आरोपित के खिलाफ दुष्कर्म की धारा भी जोड़ी जा रही है। उसका साथ देने वाले दोनों आरोपितों की तलाश में रेड की जा रही है। जल्दी ही उन्हें भी काबू कर लिया जाएगा।