Ludhiana-Delhi Flight: 16 मिनट पहले आई उड़ान, दिल्ली के लिए 27 मिनट पहले हुई रवाना
लुधियाना से दिल्ली के लिए कम यात्रियों की संख्या के बावजूद घरेलू उड़ान जारी है। वीरवार को 12 यात्री दिल्ली से आए और 10 लोग यहां से दिल्ली के लिए रवाना हुए।
लुधियाना, जेएनएन। लुधियाना से दिल्ली के लिए कम यात्रियों की संख्या के बावजूद घरेलू उड़ान जारी है। वीरवार को 12 यात्री दिल्ली से आए और 10 लोग यहां से दिल्ली के लिए रवाना हुए। वीरवार को भी एयर एलायंस का विमान निर्धारित समय दोपहर 2.45 बजे से 16 मिनट पहले 2.29 मिनट पर साहनेवाल एयरपोर्ट पर पहुंचा। इस तरह दिल्ली जाने वाले सभी यात्रियों की मेडिकल जांच समय से पहले पूरी होने के बाद विमान ने 27 मिनट पहले ही 3.03 बजे उड़ान भरी। उसका निर्धारित समय दोपहर 3.30 बजे है। वैसे लुधियाना से दिल्ली का 1 घंटा और 15 मिनट का हवाई सफर का समय है।
उड़ान के 27 मिनट पहले ही रवाना होने पर एयरपोर्ट डायरेक्टर शुभेंदु कृष्ण शरण ने कहा कि उड़ान से पूर्व एयर स्पेस के लिए दिल्ली से अप्रूवल ली गई थी। वहां से अनुमति मिलने के बाद ही जल्दी उड़ान रवाना कर दी गई। उनका कहना है कि सभी यात्रियों को दो घंटे पहले ही बुलाया जा रहा है। अभी यात्रियों की संख्या भी कम है। ऐसे में उनकी मेडिकल जांच व अन्य प्रक्रिया जल्दी पूरी होने पर काउंटर क्लॉज हो गया और फ्लाइट ने 27 मिनट पहले ही उड़ान भरी। अब शनिवार को अगली फ्लाइट जाएगी।
कम यात्रियों की संख्या में एयरलाइन चिंतित
लुधियाना से दिल्ली फ्लाइट के निरंतर आरंभ होने से भले ही लुधियाना के लोगों ने राहत की सांस ली है। मगर एयरलाइन को यात्रियों की संख्या कम होने की चिंता सता रही है। सोमवार से शुरू हुई घरेलू उड़ान में यात्रियों की संख्या में इजाफा नहीं हो रहा है। वीरवार को 12 यात्री दिल्ली से पहुंचे और लुधियाना से 10 लोग दिल्ली के लिए रवाना हुए।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें