गली को लेकर चल रहा था विवाद, शख्स ने भाभी पर पेट्रोल छिड़क लगा दी आग
महिला को पहले तो निहाल सिंह वाला अस्पताल लेकर गए परंतु 60 से 70 फीसद झुलस जाने के चलते उसे फरीदकोट के गुरु श्री गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज में रेफर कर दिया।
मोगा, जेएनएन। थाना बधनीकलां पुलिस ने गांव रामा में एक शख्स द्वारा भाभी पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगाने के आरोप में मामला दर्ज किया है। घायल अवस्था में महिला को पहले तो निहाल सिंह वाला अस्पताल लेकर गए परंतु 60 से 70 फीसद झुलस जाने के चलते उसे फरीदकोट के गुरु श्री गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज में रेफर कर दिया, वहां भी महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर जसवंत राय ने बताया कि महिला रीटा कौर पत्नी कश्मीर सिंह के बयानों पर आरोपित जेठ दर्शन सिंह पुत्र साधु सिंह के खिलाफ धारा 307 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
आठ फुट गली को लेकर चल रहा था विवाद
घायल महिला रीटा कौर (44) ने बताया कि उसके मकान के सामने आठ फीट की गली लगती है, जोकि उसके मकान का रास्ता है। उसको लेकर जेठ दर्शन सिंह से विवाद चल रहा था तथा उक्त मामले को लेकर कई बार पारिवारिक तौर पर पंचायतें भी हो चुकी थीं। लेकिन जेठ ने रंजिशन दो फरवरी की शाम करीब छह बजे एक पेट्रोल से भरी कैनी को उसके ऊपर डालकर आग लगा दी, जिससे वह बुरी तरह झुलस गई जब होश आया तो अस्पताल में भर्ती थी। उसने बताया कि उसके दो बेटे हैं तथा पति कश्मीर सिंह मजदूरी करता है।
बकरियां चरा लौटे पोते ने पहुंचाया अस्पताल
घायल महिला रीटा कौर के पोते करतार सिंह ने बताया कि वह बकरियां पालता है तथा उन्हें चराने के लिए रोजाना की तरह दो फरवरी को भी गया हुआ था। लेकिन जब लौटा तो उसे पड़ोस में रह रही दादी की चीखने की आवाज सुनी। वह तुरंत भतीजे जग्गे के साथ दादी के घर पहुंचा तो हादसा देखकर सन रह गया। उसने बुरी तरह झुलसी दादी को निहाल सिंह वाला अस्पताल में भर्ती करवाया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण फरीदकोट गुरु श्री गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, यहां भी उनकी दादी की हालत नाजुक बताई जा रही है।
तीन बार की छापामारी, आरोपित के घर लटके ताले
जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर जसवंत राय ने बताया कि उन्होंने शिकायत मिलते ही आरोपित के घर छापामारी की थी तथा उसके बाद भी दो बार छापामारी कर चुके हैं, लेकिन उसके घर पर ताले लटके हुए हैं।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें