शांति नगर में नहीं मिल रहीं मूलभूत सुविधाएं, पार्षद बोले-शुरू करेंगे आमरण अनशन
सीवरेज जाम पानी की कमी आए दिन अपराध व अन्य समस्याओं का लोग आए दिन सामना कर रहे हैं। लोगों ने यह सभी समस्याएं पार्षद के सामने रखीं।
लुधियाना, [डीएल डॉन]। शांति नगर में लोगों को मूलभूत सुविधाएं न मिलने के कारण काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। सीवरेज जाम, पानी की कमी, आए दिन अपराध व अन्य समस्याओं का लोग आए दिन सामना कर रहे हैं। लोगों ने यह सभी समस्याएं पार्षद के सामने रखीं। दैनिक जागरण की ओर से वार्ड 30 के शांतिनगर स्थित शिव मंदिर में कम्युनिटी कैंपेन के तहत 'जागरण आपके द्वार' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में काफी संख्या में पुरुष व महिलाएं अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। लोगों ने बताया कि शांति नगर में लोगों का जीना दूभर हो गया है। लोगों ने कहा कि ग्यासपुरा के वार्ड 29, 30, 31 में व्याप्त समस्याओं से परेशानी बढ़ी है। सीवरेज जाम है। शुद्ध पेयजल की कमी है। स्ट्रीट लाइट आदि मूल सुविधाएं नहीं मिलने से लोग नरकीय जीवन जी रहे हैं। शाम होते ही छीना-झपटी, चोरी और छेडख़ानी के मामले बढ़ रहे हैं। इन इलाकों में पुलिस गस्त नहीं होने से अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।
निगम के पास गटर का एक ढक्कन नहीं, समस्याएं कैसे सुलझाए
कार्यक्रम में लोगों ने पार्षद के समक्ष समस्याओं का अंबार लगा दिया। लोगों की समस्याएं सुनने के बाद पार्षद जसपाल सिंह ग्यासपुरा ने कहा कि नगर निगम के पास गटर का एक ढक्कन तक नहीं है, तो पब्लिक की समस्या कैसे सुलझाई जाए। उन्होंने कहा कि इलाके की सभी समस्याओं को वह अच्छी तरह से जानते हैं, लेकिन फंड के अभाव और नगर निगम की लचर व्यवस्था के कारण सुधार नहीं हो पा रहा है। पार्षद जसपाल सिंह ग्यासपुरा ने कहा कि समस्या के निदान के लिए निगम से फंड और व्यवस्था नहीं मिली तो वह जीटी रोड पर आमरण अनशन करेंगे।
सड़कों की हालत खस्ता, पैदल चलना भी मुश्किल
वार्ड 29, 30, 31 के स्टूडेंट की डगर मुश्किल है। सड़कों की हालत खस्ता होने से लोग सड़क पर पैदल नहीं चल सकते। सड़क दरिया बन चुकी है। वार्ड 29 के कई इलाके ऐसे हैं, जहां सड़क पर लोग चलना बंद कर चुके हैं। पार्षद प्रभजोत कौर का कहना है कि वे शिरोमणि अकाली दल की टिकट से पार्षद बनी हैं इसलिए उनका वार्ड उपेक्षित है। वार्ड 30 शांति नगर के तकरीबन गलियों में गंदा पानी और कीचड़ रहता है। पार्षद जसपाल ने 25 वर्ष का हवाला देते हुए कहा आज दो वर्ष पहले तक नगर निगम की ऐसी व्यवस्था कभी नहीं देखी। वार्ड 31 में गंदगी का अंबार, सीवरेज जाम जैसी समस्या होने से पार्षद सोनिया शर्मा अक्सर मुंह में काली पट्टी बांधकर नगर निगम में विरोध जताते रहती हैं।
शांति नगर के शवि मंदिर में आयोजित 'जागरण आपके द्वार' कार्यक्रम में उपस्थित लोग।
इन लोगों ने बुलंद की आवाज
- प्रमोद चौबे ने कहा कि दो वर्ष से सीवरेज की सफाई नहीं हुई, जिससे सड़कों पर गंदा पानी बह रहा है।
- संदीप कुमार ने कहा कि इलाके में सफाई नहीं होती और कूड़ा बदबू करता है।
- प्रेम नारायण मिश्रा ने कहा कि लोग यहां नरकीय जिंदगी जी रहे हैं, यहां स्वच्छता अभियान का सपना देखना असंभव।
- महिला मनोज भारती ने कहा कि इलाके में गंदगी का बोलबाला होने से ऐसा कोई गली नहीं है, जहां लोग बीमारी का शिकार न हुए हों।
- विजय शंकर गोस्वामी ने कहा कि इलाके की दुर्दशा देखेंगे तो सभी लोग अपने आप पर हसेंगे कि आखिर लोग इस क्षेत्र में रहते कैसे हैं।
मेयर ने कहा आरोप गलत, बदनाम करने की साजिश
नगर निगम के मेयर बलकार सिंह संधू ने कहा कि पार्षद जसपाल गलत आरोप लगाकर उन्हें बदनाम करने की साजिश रचते रहते हैं। सच यह है कि उन्हीं इलाकों में करोड़ों के प्रोजेक्ट का उद्घाटन हुआ है और काम जल्द आरंभ हो रहा है। पार्षद चाहेंगे तो सारी समस्या हल होगी।