श्रीमद् भागवत कथा सुनने से मोक्ष के लिए स्वर्ग का दरवाजा खुल जाता हैः पंडित अवधेश पांडे
ग्यासपुरा स्थित न्यू सम्राट कालोनी में मनोज सिंह व हिमांचल तिवारी की अगुआई में श्रीमद् भागवत कथा करवाई जा रही है। श्रीमद् भागवत कथा के पांचवें दिन वीरवार को कथावाचक पंडित अवधेश पांडेय ने भक्तों को कथा रसपान करवाया।
लुधियाना, जेएनएन। भागवत कथा सुनने से सारे कष्ट दूर हो जाते हैं और जीवन के अंतिम काल में मोक्ष के लिए स्वर्ग का दरवाजा खुल जाता है। कथा ही मानव को भवसागर पार कराती है। ग्यासपुरा स्थित न्यू सम्राट कालोनी में मनोज सिंह व हिमांचल तिवारी की अगुआई में चल रहे श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के पांचवें दिन वीरवार को कथावाचक पंडित अवधेश पांडेय ने भक्तों को कथा रसपान करवाया। इस दौरान भक्त बीच-बीच में प्रभु का जयकारा लगाते रहे।
पंडित अवधेश पांडेय ने कहा कि जहां भागवत कथा व पूजा होती है। उस घर में लक्ष्मी नारायण की कृपा सदैव बनी रहती है। जीवन के बंधन से मुक्ति का एक मार्ग श्रीमद् भागवत कथा श्रवण ही है। इससे भक्तों की सभी परेशानियां दूर हो जाती है। ध्रुव प्रसंग की कथा सुनाते हुए कहा कि ध्रुव की सौतेली मां सुरुचि द्वारा अपमानित करने पर भी उसकी मां सुनीता ने धैर्य नहीं खोया, जिससे संकट टल गया।
ध्रुव ने तपस्या के बल पर हरि को प्रसन्न कर लिया। भक्त प्रह्लाद के प्राणों की रक्षा के लिए भगवान ने खंभे में अवतार लेकर हिरण्यकश्यप का वध किया। भगवान हमेशा अपने भक्तों की रक्षा के लिए तैयार रहते हैं। बस जरूरत है उन्हें सच्चे मन से याद करने की। अंत मे आरती और प्रसाद वितरण के साथ कथा समापन किया गया।