Weather Update : आंधी-बारिश से हजाराें एकड़ में फसल बिछी, दस किमी प्रति घंटे की रफ़्तार से चलीं हवाएं
बारिश ने किसानों के चेहरे पर चिंता की लकीरें खींच दी हैं। आंधी से जिले में करीब एक हजार एकड़ में गेहूं की फसल बिछ गई है।
जासं, लुधियाना : बारिश ने किसानों के चेहरे पर चिंता की लकीरें खींच दी हैं। आंधी से जिले में करीब एक हजार एकड़ में गेहूं की फसल बिछ गई है। बुधवार सुबह 5 बजे से दस किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से चल रही हवाओं के बीच हुई बारिश को देख कर किसानों का दिल बैठा जा रहा था। किसान खेतों में अपनी फसलों को निहारते दिखे। किसानों को डर है कि सोमवार की आंधी अाैर बारिश से गेहूं की जो फसल बिछ गई थी, उसके दाने काले पड़ जाएंगे, वहीं कटाई में भी देरी होगी।
कृषि विभाग की टीम ने गांवों में किया सर्वे
आंधी अाैर बारिश के बाद बुधवार को कृषि विभाग की एक टीम ने विभिन्न गांवों में जाकर सर्वे किया। इस दौरान आंधी बारिश से लुधियाना जिले में बहुत ज्यादा नुकसान होने की बात सामने नहीं आई। जिले के मुख्य खेतीबाड़ी अफसर डॉ. बलदेव सिंह के अनुसार इस साल लुधियाना में दो लाख 52 हजार हेक्टयर में गेहूं लगाई गई है। जिले की बात करें तो अभी तक मंडियों में केवल 200 टन गेहूं ही पहुंचा है। इंडिया मेट्रोलाजिकल डिपार्टमेंट चंडीगढ़ के पूर्वानुमान की मानें तो लुधियाना में 18 अप्रैल तक आंधी बारिश की संभावना है।
दिन के तापमान में चार डिग्री सेल्सियस की आई गिरावट
सोमवार रात चली आंधी और फिर हुई बारिश के बाद मंगलवार को मौसम सुहावना हो गया। इससे दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। इंडिया मैट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट चंडीगढ़ के अनुसार लुधियाना में अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस कम रहा।