मकान की रिपेयरिंग करते समय गिरा लेंटर, हादसे में मजदूर की मौत
चंडीगढ़ रोड स्थित परमजीत नगर में मकान की रिपेयर करते समय छत गिरने से मजदूर की मौत हो गई। उसके शव को कड़ी मेहनत के बाद मलबे से निकाला गया।
जेएनएन, लुधियाना। चंडीगढ़ रोड स्थित परमजीत नगर में मकान की रिपेयर करते समय छत गिरने से मजदूर की मौत हो गई। मजदूर के शव को कड़ी मेहनत के बाद मलबे से निकाला गया। उसका एक साथी घायल हुआ है। सूचना मिलने के बाद थाना जमालपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। गणेश उत्तर प्रदेश के जिला बांधा का निवासी है, जो कुछ समय पहले ही लुधियाना में काम के लिए आया था। उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में पहुंचाया गया है।
जानकारी मुताबिक परमजीत नगर में जसविंदर सिंह के मकान की रिपेयर की जा रही थी। इसका ठेका राहुल ठेकेदार के पास था। सोमवार को वह नहीं आया था। वहां दो मजदूर गणेश और राजोल काम कर रहे थे। मौके पर मौजूद मनोज शर्मा ने बताया कि घटना करीब ढाई बजे की है। छत के नीचे खड़े होकर गणेश दीवार तोड़ रहा था। अचानक लेंटर उसके ऊपर आ गिरा। गणेश की मौके पर ही मौत हो गई। वहां मौजूद लोगों से शव नहीं निकला तो उन्होंने क्रेन मंगवाई। लेंटर का मलबा हटाकर गणेश का शव बाहर निकाला गया।