Elly Mangat हवाई फायर केस: आरोपितों में पुलिस कार्रवाई का खौफ, राइफल फेंकने जाता एक काबू Ludhiana News
पुलिस कर्रवाई के डर से एेली के दोस्त भूपिंदर सिंह का पिता गुरबंत सिंह बंदूक व कारतूस नहर में फेंकने के लिए निकला। थाना साहनेवाल पुलिस ने रास्ते में ही उसे धर लिया।
लुधियाना, जेएनएन। Elly Mangat celebratory firing case साहनेवाल के गांव धराेड़ में आयोजित जन्मदिन कार्यक्रम के दौरान पंजाबी गायक ऐली मांगट द्वारा हवाई फायर करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल मामले की वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस कर्रवाई के डर से एेली के दोस्त भूपिंदर सिंह का पिता गुरबंत सिंह घटना में इस्तेमाल बंदूक व कारतूस नहर में फेंकने के लिए निकला। इस दौरान थाना साहनेवाल पुलिस ने रास्ते में ही उसे धर लिया। उसके कब्जे से उक्त बंदूक व 9 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। इस मामले में गायक एेली मांगट, गांव धरोड़ निवासी भूपिंदर सिंह व उसके पिता गुरबंत सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
अदालत ने आरोपित को रिमांड पर भेजा
एएसआई बलवीर सिंह ने बताया कि उक्त केस गुप्त सूचना के आधार पर दर्ज किया गया है। पुलिस को पता चला कि 20 नवंबर को भूपिंदर सिंह की जन्मदिन था। जिसमें ऐली मांगट भी शामिल हुआ। उसने भूपिंदर के पिता गुरबंत सिंह की राइफल से हवाई फायर करने के साथ जमकर हुल्लड़बाजी की। किसी अज्ञात व्यक्ति ने उक्त वीडियो नेट पर अपलोड कर दिया, जोकि कुछ ही देर में वायरल हो गया। मामला संज्ञान में आने पर साहनेवाल पुलिस ने कार्रवाई शुरू की तो आरोपित फरार हो गए। बुधवार शाम पुलिस को सूचना मिली कि आरोपित गुरबंत सिंह अपनी राइफल को टिब्बा नहर में खुर्द बुर्द करने के लिए जा रहा है। पुलिस ने तुरंत दबिश देकर उसे काबू कर लिया। वीरवार को उसे अदालत में पेश किया गया। जहां से रिमांड हासिल करके अन्य आरोपितों के बारे में पूछताछ की जा रही है। बलवीर सिंह ने कहा है कि जल्दी ही अन्य दोनों आरोपितों को भी काबू कर लिया जाएगा।
बता दें कि एक जन्मदिन कार्यक्रम ऐली ने अपने दोस्त की दोनाली बंदूक से हवाई फायर किए थे। मामला सामने तब आया जब किसी ने उसका वीडियो बना सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। भनक लगने पर जब पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी। गुरबंत की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस को ऐली और भूपिंदर की तलाश है।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें