सिद्धू की जगह निकाय मंत्री बने ब्रह्म मोहिंदरा बोले, हर क्षेत्र में ला देंगे विकास की बाढ़
कांग्रेस की सरकार बनने के बाद से करीब ढ़ाई साल से शहर में विकास को लेकर एक तरह से ब्रेक लगी हुई थी।
अर्शदीप समर, लुधियाना। कांग्रेस की सरकार बनने के बाद से करीब ढ़ाई साल से शहर में विकास को लेकर एक तरह से ब्रेक लगी हुई थी। इसका कारण खजाने की कमी के साथ-साथ पूर्व निकाय मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू की लुधियाना के नेताओं के साथ नाराजगी भी चल रही थी। जिसके चलते पिछले ढाई साल में शहर में कोई भी बड़ा विकास नहीं हो पाया। लोकसभा चुनाव के बाद निकाय मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू से विभाग लेकर ब्रह्म मोहिंदरा को सौंप दिया गया।
ब्रह्म मोहिंदरा के निकाय मंत्री बनते ही शहर के मेयर बलकार सिंह संधू और कांग्रेसी विधायकों ने उनके साथ मुलाकात की। इस दौरान सभी अपने-अपने क्षेत्र में होने वाले विकास को लेकर चर्चा की। निकाय मंत्री ब्रह्म मोहिंदरा ने विकास को लेकर झड़ी लगाने का वादा किया। उन्होंने कहा कि पहले वह निकाय विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर जानकारी लेंगे। करीब दस दिन बाद वह प्रदेश के सभी मेयर के साथ बैठक करेंगे और हर एक विधायक के क्षेत्र में विकास की बाढ़ ला देंगे।
बुड्ढा नाला रहेगा मुख्य एजेंडा
फिरोजपुर रोड स्थित एक होटल में निजी समारोह के दौरान निकाय मंत्री ब्रह्म मोहिंदरा के साथ कांग्रेसी विधायकों और मेयर ने मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने शहर में होने वाले विकास को लेकर जानकारी दी। जिसमें बुड्ढा नाला की सफाई को लेकर अहम मुद्दा रहा। इसके साथ ही नहरी पानी को स्वच्छ पानी में बदलना आदि मुद्दों पर भी चर्चा हुई। इस दौरान नवनियुक्त निकाय मंत्री ब्रहम मोहिंदरा ने साफ किया कि बुड्ढा नाला ही उनका अहम एजेंडा रहेगा। सबसे पहले बुड्ढा नाला को लेकर स्वच्छ बनाया जाएगा। इसके साथ ही अन्य विकास कार्यों पर भी जमकर काम किया जाएगा। ताकि शहर को स्मार्ट किया जा सके।
अहम फैसले लेंगे मेयर
समारोह में मेयर बलकार सिंह संधू और कांग्रेसी विधायकों के साथ ब्रहम मोहिंदरा ने मुलाकात के दौरान कई अहम बातें भी कहीं। ब्रह्म मोहिंदरा ने कहा कि हर एक शहर में मेयर की अहम भूमिका होती है। शहर में होने वाले विकास को लेकर भी अमह फैसले लेने का हक भी मेयर का होता है। उन्होंने कहा कि सभी शहरों के विकास को लेकर मेयर की भूमिका अहम रखी जाएगी और विकास को लेकर उनसे चर्चा भी की जाएगी। ताकि शहर में पेंडिंग पड़े विकास को लेकर काम किया जा सके।
सिद्धू के बदलते ही ब्रह्म मोहिंदरा के पास पहुंचे नेता
पिछले काफी समय से पूर्व निकाय मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू को लेकर काफी नेता नाराज चल रहे थे। सिद्धू के बदलते ही कई नेता तुरंत नवनियुक्त निकाय मंत्री ब्रह्म मोहिंदरा को मिलने के लिए पहुंच गए। इस दौरान उन्होंने शहर की समस्याओं के बारे में भी उन्हें बताया और नगर निगम के हालत से भी जागरुक किया। जिस पर उन्हें आश्वासन मिला कि शहर में होने वाले सभी विकास तेजी से करवाएं जाएंगे और आगे भी शहर में होने वाले विकास का काम नहीं रुकेगा।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप