सतगुरु ठाकुर उदय की स्वच्छता मुहिम से जुड़ा नगर निगम, सिधवां नहर सहित कई स्थानों पर की सफाई
श्री भैणी साहिब के सतगुरु ठाकुर उदय सिंह ने शहर को स्वच्छ बनाने के लिए सफाई मुहिम शुरू कर दी।
जेएनएन, लुधियाना : श्री भैणी साहिब के सतगुरु ठाकुर उदय सिंह ने शहर को स्वच्छ बनाने के लिए सफाई मुहिम शुरू कर दी। इस मुहिम के जरिए वह शहर को पॉलीथिन मुक्त बनाने की अपील कर रहे हैं। पिछले तीन दिन से निगम अफसर अभियान में शामिल हो रहे थे लेकिन अब नगर निगम ने इस मुहिम में अपने कर्मचारियों व मशीनरी को भी शामिल कर दिया है। मंगलवार को श्री भैणी साहिब की संगत व नगर निगम के कर्मचारियों ने मिलकर सिधवां नहर के किनारे सफाई की। अभियान के दौरान सतगुरु ठाकुर उदय सिंह संगत के साथ मौके पर मौजूद रहे। नामधारी संगत ने शनिवार को चौड़ा बाजार से इस मुहिम की शुरुआत की थी। उसके बाद सिविल अस्पताल, फील्ड गंज व अन्य इलाकों में यह मुहिम चलाई गई।
मंगलवार को संगत ने नहर के किनारे सरकारी जमीन पर जमा गंदगी को हटाया। सतगुरु ठाकुर उदय सिंह ने कहा कि नहर किनारे कूड़ा फेंक कर पानी को गंदा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर अभी से इसे नहीं रोका गया तो नहर भी गंदे नाले में तब्दील हो सकती है। सतगुरु ने कहा कि उन्हें सूचना मिली थी नहर के किनारे काफी मात्र में कूड़ा जमा है। इसलिए यहां पर सफाई मुहिम चलाई गई। उन्होंने बताया कि अब नगर निगम भी इस मुहिम में पूरी तरह से शामिल हो चुका है।