विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लुधियाना में मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला को तेज रफ्तार कार ने कुचला, 10 मीटर तक घसीटा; मौके पर दर्दनाक मौत

Published: Fri, 03 Jul 2026 03:00 PM (IST)

लुधियाना में मॉर्निंग वॉक पर निकली हरप्रीत कौर की तेज रफ्तार कार की टक्कर से मौत हो गई, जबकि उनकी सहेली घायल हो गई। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हुई।

HighLights

  1. हरप्रीत कौर की मॉर्निंग वॉक के दौरान दर्दनाक मौत।

  2. तेज रफ्तार कार ने महिला को 10 मीटर तक घसीटा।

  3. पुलिस सीसीटीवी फुटेज से फरार चालक की तलाश में।

जागरण संवाददाता, लुधियाना। लुधियाना के मॉडल टाउन क्षेत्र में शुक्रवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकली एक महिला की तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में उनकी सहेली भी घायल हो गई, जिसका अस्पताल में उपचार चल रहा है। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कार महिला को करीब 10 मीटर तक घसीटती हुई ले गई। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। हादसे के बाद चालक कार छोड़कर मौके से फरार हो गया।

मृतका की पहचान हरप्रीत कौर के रूप में हुई है, जो मॉडल टाउन के चार खंभा चौक क्षेत्र की रहने वाली थीं। वह एक प्रॉपर्टी कारोबारी की पत्नी थीं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब छह बजे हरप्रीत कौर अपनी एक सहेली के साथ रोज की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकली थीं। दोनों सड़क किनारे टहलते हुए बातचीत कर रही थीं। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

यह भी पढ़ें- चन्नी के घर में बंद कमरे में मंथन, राजा वड़िंग के नेतृत्व पर उठे सवाल; पंजाब कांग्रेस में बढ़ी सियासी हलचल

घसीटते हुए महिला को साथ ले गई कार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर लगते ही दोनों महिलाएं सड़क पर जा गिरीं। हरप्रीत कौर की सहेली दूर जाकर गिरी और घायल हो गई, जबकि हरप्रीत कौर कार के नीचे फंस गईं। आरोप है कि चालक ने वाहन रोकने के बजाय आगे बढ़ा दिया, जिससे कार का पहिया उनके सिर के ऊपर से गुजर गया और वह करीब 10 मीटर तक घसीटती चली गईं। हादसे में उनके सिर और छाती में गंभीर चोटें आईं।

घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने दोनों महिलाओं को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद हरप्रीत कौर को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरी महिला का इलाज जारी है।

यह भी पढ़ें- शाह से मुलाकात पर रंधावा ने तोड़ी चुप्पी, बोले- पंजाब की सुरक्षा पर रखी चिंता; चन्नी की बैठक के सवाल पर साधा मौन

सीसीटीवी के आधार पर कार्रवाई शुरू

पुलिस के अनुसार घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में ले ली गई है। फुटेज में कार की तेज रफ्तार और दुर्घटना का पूरा घटनाक्रम दिखाई दे रहा है। पुलिस वाहन के पंजीकरण नंबर के आधार पर चालक की पहचान करने और उसे गिरफ्तार करने के प्रयास कर रही है।

परिजनों ने बताया कि हरप्रीत कौर की एक बेटी है, जिसकी कुछ समय पहले ही शादी हुई थी। अचानक हुए इस हादसे से परिवार गहरे सदमे में है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर फरार चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि हादसे के समय चालक लापरवाही या तेज रफ्तार से वाहन चला रहा था या नहीं।

यह भी पढ़ें- पंजाब कांग्रेस में बगावत! राजा वडिंग के खिलाफ चन्नी गुट ने खोला मोर्चा, रंधावा की शाह से मुलाकात ने बढ़ाई हलचल