अवैध बालगृह चलाने वाला गिरफ्तार, बिहार व झारखंड के 38 बच्चों को रखा था, धर्मांतरण का शक
लुधियाना के गांव फुल्लांवाल में अवैध रूप से बालगृह चलाने वाले को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसने बालगृह में 38 बच्चों को रख रखा था। पूरे मामले में धर्मांतरण का शक जताया जा रहा था।
जेएनएन, लुधियाना। जिले के एक गांव में अवैध बालगृह चलाने वाले सत्येंद्र प्रकाश मोसिस को झारखंड पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसे गांव फुल्लांवाल से गिरफ्तार किया गया। वह यहीं कथित रूप से यह बालगृह चलाता था और इसमें झारखंड और बिहार के विभिन्न जगहों के 38 बच्चों को रख रखा था। इस मामले को धर्मांतरण से भी जोड़ा जा रहा है। 30 बच्चों को पहले ही उनके परिजनाें को सौंप दिया गया था। झारखंड पुलिस अब चार और बच्चों को साथ ले गई है। चार बच्चे अभी दोराहा के एक आेल्ड एज होम में रखे गए हैं।
चार बच्चों व बालगृह संचालक को पुलिस ले गई झारखंड, चार बच्चे अभी दोराहा के हेवनेली पैलेस में
एएसआइ अवध किशोर विद्यार्थी दोराहा के ओल्ड एज होम हेवनेली पैलेस में रखे गए चाइबासा इलाके के चार बच्चों व आरोपित मोसिस को लेकर झारखंड के लिए रवाना हो गई जबकि एसआई बनारसी राम दस्तावेज की पूर्ति के लिए अभी लुधियाना में ही रूके हुए है। अभी तक के घटनाक्रम की बात करें तो इस अवैध बाल गृह से 38 बच्चे बरामद हुए थे।
मोसिस का दावा था कि 30 बच्चों को झारखंड और बिहार में रहने वाले उनके परिजनों के हवाले कर दिया गया। इसके बाद चाइल्ड वैलफेयर कमेटी लुधियाना ने आठ बच्चों को वहां से दोराहा के हेवनेली पैलेस में शिफ्ट कर दिया। इनमें से चार बच्चे झारखंड से संबंधित थे तो झारखंड पुलिस इन्हें लेने के लिए लुधियाना पहुंच गई। अब बिहार के चार बच्चों को हेवनेली पैलेस में रखा गया है। डिप्टी कमिश्नर प्रदीप अग्रवाल ने मामले की जांच के लिए एडीसी विकास शेना अग्रवाल को नियुक्त किया है।
झारखंड पुलिस के एएसआई अवध किशोर विद्यार्थी ने मोसिस को काबू कर झारखंड लेकर जाने की पुष्टि करते हुए करते हुए कहा कि मामला धर्मांतरण से जुड़ा लगता है। इसकी रिपोर्ट पहले ही उच्चाधिकारियों को बनाकर भेज दी गई है। थाना सदर के एसआई सुखदेव सिंह ने पुष्टि करते हुए बताया कि पंजाब पुलिस ने आरोपित मोसिस को काबू कर झारखंड पुलिस के हवाले कर दिया है।
-----------
'' बालगृह की कोई रजिस्ट्रेशन नहीं थी। 38 बच्चों की जानकारी है। इनमें से तीस बच्चों को बालगृह संचालक ने पहले ही उनके परिजनों के हवाले कर दिया है। आठ बच्चों से हमने दोराहा के हेवनेली पेलेस में रखा था। झारखंड से संबंधित चार बच्चों व बालगृह संचालक सत्येंद्र प्रकाश मोसिस को झारखंड पुलिस ले गई है। एडीसी विकास शेना अग्रवाल मामले की जांच कर रही है।
- जेपी सिंह,चेयरमैन चाइल्ड वैलफेयर कमेटी।
-----------------
यह है मामला
पख्खोवाल रोड के फुल्लावाल इलाके में एक व्यक्ति ने अवैध बालगृह बनाकर अपने घर में झारखंड व बिहार के 38 बच्चों को रखा हुआ था। किसी ने इसकी शिकायत जिला कानूनी सेवा अथॉरिटी को कर दी। इसके बाद हरकत में आई चाइल्ड वेलफेयर कमेटी की चेकिंग के दौरान पता चला कि यह बालगृह बिना किसी रजिस्ट्रेशन के ही चलाया जा रहा है। कार्रवाई शुरू हुई तो संचालक ने 30 बच्चों को झारखंड व बिहार से उनके परिजन बुलवाकर उनके हवाले कर दिया। मामले की जानकारी झारखंड व बिहार सरकार को दी गई तो झारखंड के चाइबासा क्षेत्र की पुलिस इन बच्चों को लेने लुधियाना पहुंच गई। बालगृह संचालक पर धर्मांतरण का भी आरोप है।