लुधियाना में छह साल की बच्ची के साथ दरिंदगी, लगाने पड़े 20 टांके, हालत गंभीर
छह वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म कर उसे बेसुध हालत में खाली प्लाट में फेंक दिया गया। गंभीर अवस्था में उसे सिविल अस्पताल ले जाया गया जहां सर्जरी कर उसे 20 टांके लगाने पड़े।
जेएनएन, लुधियाना। शहर के भामियां खुर्द में एक छह वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म कर उसे बेसुध हालत में खाली प्लाट में फेंक दिया गया। गंभीर अवस्था में उसे सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां सर्जरी कर उसे 20 टांके लगाने पड़े। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं, आरोपित पुलिस पकड़ से दूर है।
बच्ची की मां ने बताया कि वह शुक्रवार रात करीब दो बजे शौचालय जाने के लिए उठी तो यह देखकर हैरान हो गई कि उसकी बेटी चारपाई पर नहीं है। आसपास के लोगों को साथ लेकर जब उसकी तलाश की गई तो वह घर से कुछ दूरी पर एक प्लाट में खून से लथपथ बेसुध पड़ी मिली।
बच्ची के कपड़े और शरीर के कई हिस्से को नोचा गया था। इसी दौरान लोगों ने वहां एक युवक को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे पीसीआर कर्मियों ने युवक से पूछताछ शुरू की तो वह चकमा देकर पास ही स्थित लंबे समय से बंद पड़ी खाली फैक्टरी के रास्ते से भाग निकला। गंभीर हालत में बच्ची को सुबह साढ़े चार बजे अस्पताल ले जाया गया।
दुष्कर्म के साथ बच्ची को दी अप्राकृतिक यौन प्रताड़ना
सर्जरी विभाग के प्रमुख डॉ. वरुण सग्गड़ का कहना है कि बच्ची के गुप्तांगों पर गहरी चोट पहुंचाई गई है। सर्जरी कर बीस टांके लगाए गए हैैं, लेकिन उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। दुष्कर्म के अलावा बच्ची को अप्राकृतिक यौन प्रताड़ना भी दी गई है।
यह किसी एक व्यक्ति का काम नहीं
थाना प्रभारी हरजिंदर सिंह का कहना है कि बच्ची की हालत देखने से लगता है कि यह किसी एक व्यक्ति का काम नहीं हैै। पीड़ित बच्ची के पड़ोसी बबलू के खिलाफ केस दर्ज करके उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें