दसवीं में पढ़ने वाली छात्रा को शादी का झांसा देकर स्कूल से भगाया, सात दिन तक किया दुष्कर्म
दसवीं कक्षा में पढऩे वाली एक छात्रा को युवक शादी का झांसा देकर भगा कर ले गया। उसके बाद सात दिन तक उसके साथ दुष्कर्म किया।
जेएनएन, लुधियाना। दसवीं कक्षा में पढऩे वाली एक छात्रा को युवक शादी का झांसा देकर भगाकर ले गया। उसके बाद सात दिन तक उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता किसी तरह आरोपित की चुंगल से भागकर घर वापस आ गई और इसकी जानकारी परिजनों को दी। परिजनों ने इसकी शिकायत पुलिस से कर दी। थाना जमालपुर पुलिस ने पीड़िता के पिता की शिकायत पर आरोपित खासी कलां निवासी साजन कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर दिया। पुलिस आरोपित की तलाश में छापेमारी करने में जुटी हुई है।
शिकायतकर्ता के मुताबिक उसकी बेटी दसवीं कक्षा में पढ़ती है। 28 दिसंबर को उसकी बेटी पढ़ाई करने के लिए स्कूल गई, लेकिन उसके बाद घर वापस नहीं आई। परिजनों ने युवती की काफी तलाश करने की कोशिश की, लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया। परिजनों ने इसकी शिकायत पुलिस से भी कर दी। चार जनवरी को छात्रा घर वापस लौट आई।
छात्रा ने बताया कि साजन उसे शादी का झांसा देकर स्कूल के बाहर से भगा कर ले गया। इस दौरान आरोपित साजन उसे कीरतपुर साहिब के नजदीक एक गांव में ले गया। जहां सात दिन तक उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। इसके बाद मौका पाकर आरोपित की चंगुल से छूट घर वापस आ गई और सारी जानकारी परिजनों को दे दी। पीड़िता के पिता ने इसकी शिकायत पुलिस से कर दी। थाना जमालपुर पुलिस ने आरोपित साजन के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश करनी शुरू कर दी है।