Move to Jagran APP

लुधियाना के सभी सरकारी दफ्तरों में मिनिस्ट्रियल स्टाफ ने कामकाज रखा ठप, RTA दफ्तर से भी बैरंग लौटे लोग

लुधियाना में बुधवार को रजिस्ट्री दफ्तरों में रजिस्ट्रियों की अप्वाइंटमेंट रद करनी पड़ी जबकि रिजनल ट्रांसपोर्ट अथारिटी के दफ्तर से भी लोगों को बैरंग लौटना पड़ा। पंजाब सरकार के खिलाफ पंजाब स्टेट मिनिस्ट्रियल सर्विसेज यूनियन ने राज्यव्यापी हड़ताल शुरू की है।

By Vinay KumarEdited By: Published: Wed, 23 Jun 2021 04:45 PM (IST)Updated: Wed, 23 Jun 2021 04:45 PM (IST)
लुधियाना के सभी सरकारी दफ्तरों में मिनिस्ट्रियल स्टाफ ने कामकाज रखा ठप, RTA दफ्तर से भी बैरंग लौटे लोग
लुधियाना में सरकार के खिलाफ नारेजाबी करते हुए मिनिस्ट्रियल स्टाफ यूनियन के सदस्य।

लुधियाना, जेएनएन। पंजाब सरकार के खिलाफ पंजाब स्टेट मिनिस्ट्रियल सर्विसेज यूनियन ने राज्यव्यापी हड़ताल शुरू की है। हड़ताल के दूसरे दिन दफ्तरों में हड़ताल के साइड इफेक्ट दिखने लगे हैं। बुधवार को रजिस्ट्री दफ्तरों में रजिस्ट्रियों की अप्वाइंटमेंट रद करनी पड़ी जबकि रिजनल ट्रांसपोर्ट अथारिटी के दफ्तर से भी लोगों को बैरंग लौटना पड़ा। डीसी दफ्तर, शिक्षा विभाग, सेहत विभाग, पंचायत विभाग, एडीएम दफ्तर, सबरजिस्ट्रार दफ्तरों समेत सभी सरकारी दफ्तरों में मिनिस्ट्रियल स्टाफ ने कामकाज नहीं किया। वहीं यूनियन के सदस्यों ने बुधवार को भी डिप्टी कमिश्नर दफ्तर में धरना दिया और पंजाब सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। यूनियन 27 जून तक हड़ताल का ऐलान कर चुकी है। ऐसे में लोगों को पूरे सप्ताह परेशानियां झेलनी पड़ेंगी। उधर दूसरी तरफ पटवारियों व कानूनगो ने भी एडीशनल चार्ज वाले सर्किलों का काम दो दिन से बंद कर दिया है। जिससे लोग बेहद परेशान हैं।

loksabha election banner

लुधियाना के चार सब रजिस्ट्रार दफ्तरों में रोजाना 400 से 450 तक रजिस्ट्रियां होती हैं। जिसके लिए रजिस्ट्री करवाने वालों को एडवांस में आनलाइन अप्वाइंटमेंट लेनी होती है। आनलाइन अप्वाइंटमेंट के बाद ही सबरजिस्ट्रार दफ्तर में आकर रजिस्ट्री करवाई जाती है। बुधवार को लुधियाना शहर से संबंधित चार सब रजिस्ट्रार दफ्तरों में रेवेन्यू विभाग को 400 अप्वाइंटमेंट रद करने पड़े। इन लोगों को अब जब रजिस्ट्रियां करवानी होंगी तो फिर से आनलाइन अप्वाइंटमेंट लेनी होगी। सब रजिस्ट्रार दफ्तर में 24 मई से करीब दो सप्ताह तक लगातार हड़ताल के कारण भी रजिस्ट्रियां नहीं हो पाई थी।

वहीं आरटीए दफ्तर में भी लोग सुबह से आते रहे लेकिन क्लर्कों के हड़ताल पर होने के कारण कोई काम नहीं हुआ। बाद में लोग भी वहां से निकल गए। यूनियन के जिला चेयरमैन विक्की जुनेजा ने बताया कि मिनिस्ट्रियल स्टाफ की हड़ताल के बारे में लोगों को पहले ही सूचित किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार यूनियन की मांगों को मानने के लिए तैयार नहीं है। जिसकी वजह से यह हड़ताल आगे भी जारी रहेगी।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.