विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

VIDEO: लुधियाना की सड़कों पर 'टार्जन' बनी कार, खुद स्टार्ट होकर दौड़ने लगी MG Windsor EV; कई रेहड़ियों को मारी टक्कर

Published: Thu, 17 Sep 2026 08:30 PM (IST)

लुधियाना के लोधी क्लब रोड पर शुक्रवार दोपहर एक खड़ी इलेक्ट्रिक कार बिना ड्राइवर के अचानक चलने लगी। इस कार ...और पढ़ें

HighLights

  1. लुधियाना में खड़ी इलेक्ट्रिक कार बिना ड्राइवर के अचानक चल पड़ी।

  2. कार ने सड़क किनारे पांच रेहड़ियों को टक्कर मारी, खंभे से टकराई।

  3. हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, चालक ने शीशा तोड़कर रोका।

संवाद सहयोगी, लुधियाना। लोधी क्लब रोड पर शुक्रवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क किनारे खड़ी एक इलेक्ट्रिक कार 'टार्जन फिल्म की कार की तरह' अचानक चल पड़ी।

बगैर ड्राइवर आगे बढ़ी कार ने सड़क किनारे लगी करीब पांच रेहड़ियों को टक्कर मार दी और अंत में बिजली के खंभे से जा भिड़ी। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार का चालक वाहन को सड़क किनारे पार्क कर कुछ दूरी पर सामान लेने गया था। इसी दौरान कार अचानक स्टार्ट होकर तेज रफ्तार से आगे बढ़ गई। सबसे पहले उसने फल विक्रेता की रेहड़ी को टक्कर मारी, फिर लगातार अन्य रेहड़ियों को घसीटते हुए आगे निकल गई।

टक्कर से कई रेहड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं और सामान सड़क पर बिखर गया। कार बिजली के खंभे से टकराकर रुक गई, लेकिन इसके बावजूद उसका मोटर सिस्टम बंद नहीं हुआ।

काफी मशक्कत के बाद पाया काबू

लोगों ने देखा कि आगे के पहिए लगातार तेज गति से घूम रहे थे, जिससे आसपास मौजूद लोग वाहन के नजदीक जाने से भी घबराते रहे। कुछ ही देर में चालक मौके पर पहुंचा।

जानकारी के अनुसार ड्राइवर ने आसपास मौजूद लोगों से हथौड़ी ली और ड्राइवर साइड का अगला शीशा तोड़कर किसी तरह कार का सिस्टम बंद किया। इसके बाद ही स्थिति सामान्य हो सकी। हादसे के कारण लोधी क्लब रोड पर कुछ समय तक यातायात भी प्रभावित रहा।

घटना स्थल पर जमा हुई भीड़

बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए और बगैर चालक कार के चलने की घटना को लेकर हैरानी जताते रहे। उधर, थाना सराभा नगर पुलिस का कहना है कि इस संबंध में उनके पास कोई शिकायत या सूचना नहीं पहुंची है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर मामले की जांच की जाएगी।