नगर निगम को अच्छे दिन आने की उम्मीद, 15 दिन में खजाने में आ सकते हैं 100 करोड़ रुपये
आर्थिक तंगी से गुजर रहे नगर निगम के अच्छे दिन आने वाले हैं। स्थानीय निकाय मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू ने अवैध निर्माणों को रेगुलर करने के लिए वन टाइम सेटलमेंट पॉलिसी लाने का एलान कर दिया है।
जेएनएन, लुधियाना। आर्थिक तंगी से गुजर रहे नगर निगम के अच्छे दिन आने वाले हैं। स्थानीय निकाय मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू ने अवैध निर्माणों को रेगुलर करने के लिए वन टाइम सेटलमेंट पॉलिसी लाने का एलान कर दिया है। संभवत: बुधवार को होने वाली कैबिनेट मीटिंग में इसे हरी झंडी मिल जाएगी। इस पॉलिसी के लागू होते ही नगर निगम को मोटा राजस्व प्राप्त होगा। मेयर बलकार सिंह संधू ने तो यहां तक कह दिया कि वह किस्मत वाले हैं कि ओटीएस आ रही है। इससे शहर के अच्छे दिन आएंगे। शहर में ज्यादातर निर्माण अवैध तरीके से करवाए गए हैं। अगर वह सभी अपने निर्माणों को रेगुलर करवाते हैं तो नगर निगम लुधियाना को लगभग 500 करोड़ रुपये मिल सकते हैं। इससे शहर में विकास कार्यो की झड़ी लग सकती है।
मेयर व नगर निगम अफसर लंबे समय से ओटीएस पॉलिसी का इंतजार कर रहे हैं। सोमवार को नवजोत सिंह सिद्धू की प्रेस कांफ्रेंस के बाद मेयर समेत अफसरों में खुशी की लहर है। मेयर का दावा है कि नोटिफिकेशन जारी होने के 15 दिनों में ही वह निगम के खजाने में 100 करोड़ रुपये जमा करवा देंगे। पहले चरण में कॉमर्शियल इमारतों पर नजर नगर निगम ने ओटीएस से पैसे वसूलने की पूरी तैयारी कर ली है। पहले चरण में निगम की नजर कॉमर्शियल इमारतों पर है। इसके लिए निगम ने बाकायदा शहर की 1200 बड़ी इमारतों का सर्वे करवा दिया है और उनसे वसूली जाने वाली औसत फीस का हिसाब-किताब भी लगा दिया है। इन 1200 इमारतों से ही निगम को 100 करोड़ से अधिक का राजस्व मिलने का अनुमान है।
होटल, अस्पताल व बेहड़ों पर नजर
शहर में बिल्डिंग बायलॉज का उल्लंघन कर बने होटलों व अस्पतालों का मामला हाईकोर्ट में भी चल रहा है। ऐसे में निगम इन्हें भी रेगुलर होने का मौका देगा तो होटल व अस्पताल संचालक आसानी से पैसे जमा करवाकर अपने निर्माणों को रेगुलर करवा देंगे। इसके अलावा शहर में बने बेहड़ों की तादात भी बहुत ज्यादा है, जो बिना नक्शे के बनाए गए हैं।
अब नक्शे पास कराने के लिए करना होगा ऑनलाइन आवेदन
नगर निगम से ऑनलाइन नक्शे पास करवाने का सिस्टम अगस्त में शुरू कर दिया गया था। तब से ऑनलाइन और ऑफलाइन आवेदन भी लिए जा रहे थे। पर एक जनवरी से ऑफलाइन आवेदन बंद कर दिए गए हैं। निगम अफसरों का कहना है कि सिस्टम पूरी तरह से तैयार कर दिया गया है। जहां जहां लोगों को दिक्कतें आएंगी उन्हें दूर कर दिया जाएगा।
विज्ञापन से हर साल मिलेंगे 23 करोड़, तीन कंपनियों ने भरा टेंडर
नवजोत सिंह सिद्धू ने लुधियाना में विज्ञापन से 100 करोड़ रुपये प्रतिवर्ष कमाने की बात की थी। अब यह टेंडर 23 करोड़ रुपये में जारी किया गया है। इसके लिए तीन कंपनियों ने टेंडर भर भी लिया है। अब उम्मीद जताई जा रही है कि इस बार यह टेंडर सिरे चढ़ जाएगा। अगले सप्ताह यह टेंडर खोल दिया जाएगा और उसके बाद कंपनी को वर्क ऑर्डर जारी कर दिए जाएंगे। कंपनी सात साल तक नगर निगम को हर साल 23 करोड़ रुपये देगी। अगर कंपनी का कामकाज संतोषजनक रहा तो उन्हें दो साल की एक्सटेंशन भी दी जा सकेगी। जानकारी के मुताबिक पिछली बार विज्ञापन से हर साल लगभग चार करोड़ के करीब कमाई हो रही थी।
अब निगम के पास आने वाला है फंड
मेयर बलकार सिंह संधू का कहना है कि अगले एक-दो माह में नगर निगम के पास करीब 200 करोड़ रुपये का फंड आने वाला है। जो सीधे तौर पर विकास कार्यो पर खर्च किया जाएगा। उन्होंने बताया कि ओटीएस का नोटिफिकेशन जारी होने के साथ ही 15 दिन में 100 करोड़ रुपये निगम के खाते में आ जाएंगे। इसके अलावा 23 करोड़ रुपये विज्ञापन से आ रहे हैं। जबकि 24 करोड़ रुपये फाइनांस कमीशन की तरफ से निगम को दिए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि कॉलोनी रेगुलराइजेशन से भी निगम के पास पैसे आने वाले हैं।