उधार दिए पैसों की एवज में बनाया शारीरिक संबंध बनाने का दबाव, शोर मचाया तो घोंट दिया गला
आरोपित ने आत्महत्या का मामला बनाने की कोशिश करते हुए महिला का शव फंदे पर लटका दिया था। हालांकि पोस्टमार्टम में हत्या की बात सामने आ गई।
लुधियाना, जेएनएन। डाबा के अधीन आते गुरमेल नगर में बीते शनिवार के दिन महिला की हत्या के मामले में नामजद आरोपित को पुलिस ने काबू कर लिया है। पूछताछ में पता चला है कि आरोपित ने महिला के परिवार से पैसे लेने थे और वह उसे इसके एवज में शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव बना रहा था। जब महिला ने उसकी बात नहीं मानी तो उसने महिला के गले में चुनरी डालकर उसकी हत्या कर दी। बाद में इसे आत्महत्या का मामला बनाने की कोशिश करते हुए महिला का शव फंदे पर लटका दिया था। हालांकि पोस्टमार्टम में हत्या की बात सामने आने पर पुलिस ने जांच शुरू की पूरे मामले से पर्दा उठ गया।
डीसीपी क्राइम एसपीएस ढींडसा ने बताया कि 9 नवंबर को प्रतिमा देवी निवासी गांव मानिकपुर डाकखाना बडूपुर जिला पटना बिहार हाल निवासी गुरमेल नगर की उसके घर पर ही मौत हो गई थी। प्रतिमा और उसका पति संजीव कुमार आरोपित उपिंदर वर्मा के पास किराये के कमरे में रहते थे। इसी दौरान संजीव और उपिंदर एक-दूसरे के दोस्त बन गए थे। दोनों का एक-दूसरे के घरों पर आना जाना था। संजीव ने उपिंदर से मकान बनाने के लिए एक लाख रुपये लिए थे। बाद में वह गुरमेल नगर में आकर रहने लगा थ। उपिंदर का यहां पर भी आना-जाना था। वह नौ नवंबर को भी संजीव के घर पर आया था। संजीव काम के सिलसिले में फैक्ट्री चला गया। पीछे से उपिंदर ने उसकी पत्नी प्रतिमा से बदतमीजी करनी शुरू कर दी। वो उसे कह रहा था कि अब वह उसके साथ अवैध संबंध बनाएगी तो वह उधार के पैसों में कुछ कम कर देगा और जल्दी पैसे भी नहीं मांगेगा। उससे जबरदस्ती करने का भी प्रयास किया। इस पर प्रतिमा ने शोर मचाना शुरू कर दिया। इससे गुस्से में आए उपिंदर ने उसका गला दबाकर हत्या कर दी थी। बाद में वह वहां से चला गया और कुछ समय बाद आकर शोर मचाने लगा कि प्रतिमा ने खुदकुशी कर ली है और उसे अस्पताल भी ले गया।
अब पोस्टामार्टम के दौरान पर्दाफाश हुआ कि प्रतीमा की हत्या हुई है। पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई तो पता चला कि उपिंदर ने ही हत्या की है। पुलिस ने उपिंदर वर्मा निवासी गांव रूपनगर तहसील विरोल जिला दरभंगा (बिहार) हाल निवासी शिमलापुरी के खिलाफ हत्या के दो दिन बाद 11 नवंबर को मामला दर्ज कर लिया था। पुलिस ने उसे मंगलवार को ग्यासपुरा फाटक के पास से काबू किया है।
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें