साथ जीने मरने की कसमें खाकर तलाकशुदा महिला से की शादी, गर्भवती हुई तो छोड़कर भागा Ludhiana News
नवंबर 2018 में उसने उसे मिलने के लिए होशियारपुर के चब्बेवाल स्थित मैली डैम पर बुलाया। जहां उसने पीड़िता के साथ शादी करने की इच्छा जाहिर की। मगर महिला ने शादी करने से इंकार कर दिया।
लुधियाना, जेएनएन। गढ़शंकर के गांव मेखोवाल निवासी युवक ने उसी इलाके में रहने वाली तलाकशुदा महिला को फेसबुक के माध्यम से प्रेम जाल में फंसाया। साथ जीने मरने की कसमें खाकर उसके साथ शादी रचाई। मगर जब महिला साढ़े तीन महीने की गर्भवती हो गई तो वो उसे छोड़ कर फरार हो गया। अब थाना डिवीजन नंबर-6 की पुलिस ने आरोपित के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश शुरू की है। आरोपित की पहचान गांव मेखोवाल निवासी करणवीर सिंह के रूप में हुई है।
यह है पूरा मामला
एएसआइ सुलखन सिंह ने बताया कि गढ़शंकर के एक गांव की रहने वाली महिला ने तीन अप्रैल 2019 में दी शिकायत में आरोप लगाया था कि उसका अपने पहले पति से तलाक हो चुका है। जिससे उसका 8 साल का एक बेटा है। तलाक के बाद वो अपने माता-पिता के पास रह रही थी। फेसबुक पर आरोपित के साथ उसकी जान पहचान हुई। नवंबर 2018 में उसने उसे मिलने के लिए होशियारपुर के चब्बेवाल स्थित मैली डैम पर बुलाया। जहां उसने पीड़िता के साथ शादी करने की इच्छा जाहिर की। मगर महिला ने शादी करने से इंकार कर दिया। उसके बाद आरोपित उसे फोन व मैसेज करके शादी के लिए दवाब बनाने लगा। उसने महिला के बच्चे को भी गोद लेेने का वादा कर लिया। पीड़िता ने बताया कि वह आरोपित की बातों में आकर 20 दिसंबर 2018 को पंचकूला के शिव मंदिर में जाकर उसके साथ शादी कर ली। इसके बाद दोनों लुधियाना आ गए और किराए पर रहने लगे। इस दौरान करणवीर एक फैक्ट्री में काम करने लगा।
आरोपित ने महिला का गर्भ गिराने का भी किया प्रयास
महिला ने आरोप लगाया कि जब वह गर्भवती हो गई तो आरोपित करणवीर ने दवाइयां खिलाकर गर्भ गिराने की कोशिश की। मगर जब वह कामयाब न हो सका तो वो उसे छोड़ कर चला गया। उसके बाद पीड़िता ने जब उसे फोन किए तो वो उसके फोन काटने लगा। जिसके चलते पीड़िता ने पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराई।
आरोपित ने डीएनए टेस्ट से किया मना
पुलिस की जांच के दौरान आरोपित ने यह कहा कि पीड़िता के गर्भ में पल रहा बच्चा उसका नहीं है। जब उससे डीएनए टेस्ट के लिए सैंपल देने को कहा गया तो उसने मना कर दिया। आरोप सही पाए जाने पर पुलिस ने उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।