विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब-चंडीगढ़ में बड़ा न्यायिक फेरबदल: 23 जजों का ट्रांसफर, CBI-NIA कोर्ट को मिले नए जज; देखें लिस्ट

Published: Sun, 11 Oct 2026 06:00 AM (GMT+05:30)

पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट ने न्यायिक प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा फेरबदल करते हुए पंजाब और चंडीगढ़ में 23 न्यायिक अधिकारियों के तबादले और नई तैनाती के आदेश दिए हैं।

पंजाब-चंडीगढ़ में 23 जजों का ट्रांसफर। सांकेतिक फोटो

पंजाब-चंडीगढ़ में 23 जजों का ट्रांसफर। सांकेतिक फोटो

HighLights

  1. पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट ने 23 न्यायिक अधिकारियों को बदला।

  2. लुधियाना के अतिरिक्त जिला न्यायाधीशों का भी तबादला हुआ।

  3. कई जजों को सीबीआई, एनआईए, पॉक्सो अदालतों में भेजा।

संवाद सहयोगी, लुधियाना। पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट ने न्यायिक प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा फेरबदल करते हुए पंजाब और चंडीगढ़ में 23 न्यायिक अधिकारियों की नई तैनाती व तबादले के आदेश जारी किए हैं। इस प्रशासनिक कवायद के तहत कई जिला एवं सत्र न्यायाधीशों व अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीशों को बदला गया है, वहीं कुछ अधिकारियों को पदोन्नति देकर नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

आदेशों के अनुसार, लुधियाना में तैनात अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश युक्ति गोयल को एसएएस नगर (मोहाली) स्थित सीबीआइ मामलों की विशेष अदालत में नियुक्त किया गया है, जो डीके वाधवा का स्थान लेंगी।

वहीं, डीके वाधवा को मोहाली में ही राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआइए) के मामलों की सुनवाई के लिए नवगठित विशेष अदालत की कमान सौंपी गई है। इसके साथ ही, लुधियाना में तैनात अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश सारू मेहता कौशिक को पदोन्नत कर प्रिंसिपल जज, फैमिली कोर्ट (लुधियाना) लगाया गया है, जबकि इस पद पर कार्यरत रमन कुमार को अब अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश के रूप में तैनात किया गया है।

किसे मिली कहां तैनाती

जिला एवं सत्र न्यायाधीशों के स्तर पर किए गए फेरबदल के तहत कनवलजीत सिंह बाजवा को तरनतारन से चंडीगढ़, मनजिंदर सिंह को मानसा से बठिंडा, हरबंस सिंह लेखी को होशियारपुर से गुरदासपुर, हरिंदर सिद्धू को चंडीगढ़ से मानसा, हरजीत सिंह को पटियाला से बठिंडा तथा राजेश कुमार को बठिंडा से तरनतारन भेजा गया है। इनके अलावा करुणेश कुमार को बठिंडा से पंजाब राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (एसएएस नगर) का सदस्य सचिव नियुक्त किया गया है। जबकि राजविंदर कौर को अमृतसर में जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा औद्योगिक अधिकरण के पीठासीन अधिकारी के पद पर पदनामित किया गया है। वहीं बलजिंदर सिंह-द्वितीय को फाजिल्का, राकेश कुमार गुप्ता को कपूरथला में जिला एवं सत्र न्यायाधीश नियुक्त किया गया है और डा. अजीत अत्री को भारत के उच्चतम न्यायालय (सुप्रीम कोर्ट) के महासचिव के पद पर जिला एवं सत्र न्यायाधीश के रूप में पदनामित किया गया है।

कुलभूषण को बठिंडा और हरगुरजीत कौर को मानसा में तैनाती

विशेष और पारिवारिक न्यायालयों में भी व्यापक बदलाव करते हुए जगदीप कौर विर्क और प्रशांत वर्मा को एसएएस नगर में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामलों की सुनवाई के लिए विशेष अदालतों में नियुक्त किया गया है। त्वरित न्याय व्यवस्था के तहत कुलभूषण कुमार को बठिंडा और हरगुरजीत कौर को मानसा में दुष्कर्म एवं पाक्सो मामलों की फास्ट ट्रैक विशेष अदालतों में तैनात किया गया है।

पारिवारिक अदालतों के तहत डॉ. हरप्रीत कौर को पठानकोट में प्रिंसिपल जज, फैमिली कोर्ट और जसबीर कौर को इसी अदालत में अतिरिक्त न्यायिक अधिकारी लगाया गया है, जबकि अमनप्रीत सिंह को अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश के रूप में नई तैनाती दी गई है।