निर्माणाधीन लुधियाना-चंडीगढ़ हाइवे के किनारे टूटे
लुधियाना चंडीगढ़ के बीच निर्माणाधीन हाईवे पर समराला के फ्लाइओवर के किनारे भारी बारिश के कारण टूट गए।
संस, समराला : निर्माणाधीन लुधियाना-चंडीगढ़ हाईवे समराला के पास बारिश के कारण किनारों से टूट गया। हाईवे के लिए बन रहे पुल की मिट्टी नीचे से खिसक गई। ऐसे में किनारे टूटने से फ्लाईओवर की रेलिंग भी क्षतिग्रस्त हो गई। इसकी जानकारी मिलते ही नेशनल हाईवे अथारिटी के आधिकारियों में हड़कंप मच गया। तुरंत ही बाईपास का निर्माण कर रही कंपनी ने फ्लाईओवर को दोनों तरफ से बंद कर दिया। क्योंकि निर्माणाधीन बाईपास पर कुछ वाहन रास्ता भटक कर पहुंच जाते हैं।
फलाईओवर को हुए नुकसान के बारे में आधिकारियों ने चुप्पी साधी हुई है। करीब दो महीने पहले ही फलाईओवर के ज्वाइंट लगाए गए थे और हाल ही मे प्रीमिक्स डाल दी गई थी। इससे पहले भी समराला बाईपास की सीमेंटेड सड़क का एक हिस्सा दब गया था, जिसको जल्दी ठीक करके आधिकारियों ने अपनी लापरवाही छिपाने की कोशिश की थी।
बाईपास के फलाईओवर धंसने बारे जांच की मांग करते शिव सेना के प्रधान रमन वडेहरा ने कहा कि फ्लाइओवर चलने से पहले ही एक साईड से धंसने और दूसरी मिट्टी खिसकने के कारण की जांच के साथ साथ डाले गए मटीरियल की जांच होनी चाहिए और कंपनी के आधिकारियों पर कारवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि करीब 8-9 महीने पहले भी नीलों पुल के आगे पेट्रोल पंप के सामने सड़क का एक हिस्सा दब गया था जिसको विभाग ने ठीक करके अपनी लापरवाही को छिपाने की कोशिश की थी।
समराला बाईपास के निर्माण कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर संजय सिंह का कहना है कि फ्लाईओवर की साईड पर पीसीसी का काम चल ही रहा था कि तेज बरसात के कारण एक जगह मिट्टी धंस गई और दूसरी जगह फ्लाईओवर धंस गया। उनका कहना है कि जल्दी ही इसको ठीक कर दिया जाएगा क्योंकि फ्लाईओवर निर्माण अधीन है। इसलिए छोटी-छोटी समस्या आती रहती है।