सिंगल टेंडर के फेर में अटके स्मार्ट सिटी के दो प्रोजेक्ट, एक का नहीं निकला टेंडर
कैप्टन अम¨रदर सिंह ने 11 मार्च को अपने जन्मदिन के मौके पर शहर में कुछ प्रोजेक्टों का उद्घाटन किया था।
राजेश भट्ट, लुधियाना
स्मार्ट सिटी के प्रोजेक्टों पर भी सिंगल टेंडर का साया पड़ने लगा है। स्मार्ट सिटी एरिया के दो अहम प्रोजेक्ट भी सिंगल टेंडर की वजह से लटक गए हैं। यही नहीं उद्घाटन के दो माह बीत जाने के बाद भी एक अन्य अहम प्रोजेक्ट के टेंडर ही जारी नहीं किए जा सके। यह हालात तब हैं जब इन तीनों प्रोजेक्टों का उद्घाटन सूबे के मुख्यमंत्री कैप्टन अम¨रदर सिंह ने खुद अपने जन्मदिन के मौके पर किया था।
कैप्टन अम¨रदर सिंह ने 11 मार्च को अपने जन्मदिन के मौके पर शहर में कुछ प्रोजेक्टों का उद्घाटन किया था। जिसके तहत सराभा नगर मार्केट के आधुनिकीकरण और मल्हार रोड को स्मार्ट स्ट्रीट के तौर पर डेवलप किया जाना है। स्मार्ट सिटी के तहत इन दोनों प्रोजेक्टों के टेंडर पहले अलग-अलग निकाले गए। तब भी सिंगल टेंडर आए और इसे सिरे नहीं चढ़ाया जा सका। दोबारा इन दोनों प्रोजेक्टों की कॉस्ट को क्लब करके एक ही टेंडर निकाला गया। इस बार भी सिर्फ एक ही टेंडर आया। जिसके बाद स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने इन टेंडरों को री-टेंडर करने का फैसला किया है। इन दोनों प्रोजेक्टों पर कुल 37.64 करोड़ रुपये खर्च होने थे। इसके अलावा एरिया बेस्ड डेवलपमेंट क्षेत्र में कैनाल बेस्ड वाटर सप्लाई के प्रोजेक्ट का अभी तक टेंडर नहीं हो पाया। इस प्रोजेक्ट पर 46.50 करोड़ रुपये खर्च होने हैं। सराभा नगर मार्केट आधुनिकीकरण
सराभा नगर मार्केट को सुंदर और आकर्षक बनाने के प्रोजेक्ट पर 14.88 करोड़ रुपये खर्च होने हैं। इस प्रोजेक्ट के तहत सराभा नगर मार्केट का डिजाइन बदला जाएगा। जिसमें पार्किंग एरिया व वॉकिंग एरिया डेवलप किया जाना है। इस मार्केट में बिजली के तारों के साथ-साथ अन्य सभी तारों को अंडरग्राउंड किया जाना है। मार्केट को हराभरा बनाने के लिए पौधे लगाए जाएंगे। सराभा नगर में एक सार्वजनिक प्लाजा भी बनाया जाएगा। स्मार्ट स्ट्रीट प्रोजेक्ट फेज वन
मल्हार रोड को स्मार्ट स्ट्रीट में तब्दील किया जाना है। इस प्रोजेक्ट पर 22.76 करोड़ रुपये खर्च किए जाने हैं। प्रोजेक्ट के तहत सड़क के दोनों तरफ फुटपाथ बनाए जाने हैं और सजावटी पौधे लगाकर सड़क को सुंदर बनाया जाएगा। सभी तारों को अंडर ग्राउंड किया जाएगा। इस रोड को पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर स्मार्ट स्ट्रीट बनाया जा रहा है। प्रयोग सफल रहा तो शहर की अन्य सड़कों को भी ऐसा ही बनाया जाएगा। कैनाल बेस्ड वाटर सप्लाई सिस्टम
शहर में एरिया बेस्ड डेवलपमेंट एरिया में 25 ट्यूबवेल हैं और इनसे प्रतिदिन करीब 10 घटे वाटर सप्लाई की जाती है। अब इस क्षेत्र में कैनाल बेस्ड वाटर सप्लाई सिस्टम से 24 घंटे पीने का पानी उपलब्ध करवाया जाएगा। इस प्रोजेक्ट पर 46.50 करोड़ रुपये खर्च किए जाने हैं। इस योजना के तहत निगम एबीडी एरिया के छह हजार घरों में नहरी पानी की सप्लाई करने जा रहा है। सराभा नगर मार्केट प्रोजेक्ट का टेंडर पहले निकाला तो सिंगल टेंडर आया। फिर से मल्हार रोड व सराभा नगर मार्केट का टेंडर एक साथ निकाला तब भी सिंगल टेंडर आया। सिंगल टेंडर पर काम नहीं करवाया जा सकता। अब इन्हें री-टेंडर किया जाएगा। कैनाल बेस्ड वाटर सप्लाई प्रोजेक्ट का टेंडर जल्दी ही निकाला जाएगा।
राहुल गगनेजा, एसई, नगर निगम लुधियाना