लुधियाना में बेकाबू स्कूल बस बिजली के खंभे से टकराई , कई बच्चों को आई चोटें; हादसे का Video आया सामने
लुधियाना में जालंधर बाइपास पर एक निजी स्कूल की बस बेकाबू होकर बिजली के खंभे से टकरा गई, जिसमें कुछ बच्चों को मामूली चोटें आईं।
HighLights
लुधियाना के जालंधर बाइपास पर स्कूल बस का हादसा।
बेकाबू बस बिजली के खंभे से टकराई, कई बच्चे घायल।
अभिभावकों ने चालक पर उठाए सवाल, स्कूल ने कार्रवाई का आश्वासन दिया।
जागरण संवाददाता, लुधियाना। जालंधर बाइपास पर मंगलवार दोपहर शास्त्री नगर के एक निजी स्कूल की बस अचानक बेकाबू होकर बिजली के खंभे से जा टकराई। बस में स्कूली बच्चे सवार थे।
हादसे में कुछ बच्चों को मामूली चोटें आईं। आसपास के लोगों ने तुरंत बच्चों को बस से बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार दिलाया। बताया जा रहा है कि सड़क किनारे पड़ी रेत पर बस चढ़ने के बाद चालक नियंत्रण नहीं रख सका। इसके बाद बस सड़क से उतरकर बिजली के खंभे से जा भिड़ी। हादसे का एक वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें बस तेज रफ्तार में आती दिखाई दे रही है।
पेरेंट्स ग्रुप में चालक पर उठे सवाल
हादसे की जानकारी मिलने के बाद बच्चों के अभिभावकों में भी चिंता पैदा हो गई। स्कूल के छात्रों के पेरेंट्स के बनाए गए ग्रुप में हादसे को लेकर काफी चर्चा हुई। कुछ अभिभावकों ने बस चालक की लापरवाही पर सवाल उठाए।
एक अभिभावक की ओर से ग्रुप में चालक के शराब के नशे में होने की बात कही गई, जबकि अन्य अभिभावकों ने बस के तेज रफ्तार में होने का मुद्दा उठाया। हालांकि, चालक के शराब के नशे में होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
प्रिंसिपल ने कार्रवाई का दिया भरोसा
मामला बढ़ने के बाद स्कूल की प्रिंसिपल की ओर से भी पेरेंट्स ग्रुप में संदेश भेजा गया। इसमें हादसा होने की जानकारी देते हुए कहा गया कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है।
स्कूल प्रबंधन की ओर से जिम्मेदार ड्राइवर के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है। प्रिंसिपल के इस संदेश के बाद अभिभावकों को भरोसा दिलाने का प्रयास किया गया कि बच्चों की सुरक्षा से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।
