सरताज गाते रहे, फरमाइशें आती रहीं
गुरुनानक देव भवन में सीजन ऑफ सरताज का आयोजन किया गया, जिसमें मशहूर गायक सतिंदर सरताज ने श्रोताओं को झूमने पर मजबूर कर दिया।
जागरण संवाददाता, लुधियाना : गुरुनानक देव भवन में सीजन ऑफ सरताज का आयोजन किया गया, जिसमें मशहूर गायक सतिंदर सरताज ने श्रोताओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। सरताज ने करीब 3 घटे तक एक के बाद एक गीत पेश किए। सीजन ऑफ सरताज के तहत सरताज अलग-अलग शहरों में शो कर रहे हैं। इसी कड़ी में शनिवार को सरताज ने लुधियाना में शो आयोजित किया। सरताज जब गुरुनानक देव भवन के मंच पर गा रहे थे तो दर्शकों की तरफ से एक के बाद एक फरमाइश आ रही थी। सरताज ने भी दर्शकों को निराश नहीं किया। इस दौरान सरताज ने सजना तेरे बिना. सांई वे साड्डी फरियाद., सजन राजी हो जाए तां वी रोला.. समेत अपने कई गीत गाए। उन्होंने बताया कि अब उनका अगला शो अमृतसर में 6 मई को होगा। आयोजक सनी चोपड़ा ने बताया कि इस शो को लेकर शहर वासियों में खासा उत्साह था। सरताज को लोग सुनना चाहते हैं इसलिए इस शो को लेकर वो खुद भी उत्साहित थे। उन्होंने बताया कि दर्शकों ने 3 घटे के इस शो का भरपूर आनंद लिया।