फूलों से सजे बाबा नानक के रथ का लुधियाना में जोरदार स्वागत, दर्शन को उमड़ी संगत की भीड़
श्री गुरुनानक देव जी के 550वें प्रकाशोत्सव पर पाकिस्तान के ननकाना साहिब से चला रथ देश के कई राज्यों से गुजरता हुआ लुधियाना पहुंचा।
लुधियाना, जेएनएन। नानक नाम चढ़दी कलां, तेरे भाणे सरबत दा भला..। गुरबाणी के इन कीर्तन के बीच फूलों से सजे बाबा नानक के रथ ने जैसे ही शहर में प्रवेश किया तो लोग दर्शन को उमड़ पड़े। बाबा नानक के प्रकाशोत्सव स्थान पाकिस्तान से आए इस रथ में रखे श्री गुरुग्रंथ साहिब में माथा टेकने के लिए हर कोई तत्पर नजर आया। यही कारण है कि शाम को शहर के मार्गो से गुजरने वाला रथ देर रात तक आधा मार्ग भी तय नहीं कर पाया और श्रद्धालु बेसब्री से रथ का इंतजार करते रहे।
उल्लेखनीय है कि श्री गुरुनानक देव जी के 550वें प्रकाशोत्सव पर पाकिस्तान के ननकाना साहिब से चला रथ देश के कई राज्यों से गुजरता हुआ लुधियाना पहुंचा। सड़कों पर फूलों से सजी पालकी साहिब के स्वागत में तोरण द्वार लगाए गए। फूलों की वर्षा की गई। श्रद्धालुओं के लिए सड़कों के किनारे व्यंजनों के स्टाल लगे हुए थे।
यहां-यहां से गुजरा बाबा नानक रथ
बाबा नानक रथ ने कोहाड़ा से लुधियाना में एंट्री की। इसके बाद चंडीगढ़ रोड, समराला चौक, बाबा थान सिंह चौक, सीएमसी, जामा मस्जिद होता हुआ गुरुद्वारा दुख निवारण पहुंचा। यहां से जगराओं पुल होते हुए फाउंटेन चौक, कॉलेज रोड, घुमारमंडी, भाई वाला चौक, हीरो बेकरी, सराभा नगर गुरुद्वारा, बीआरएस नगर, दुगरी होते हुए गुरुद्वारा आलमगीर पहुंचेगा। वीरवार की रात एतिहासिक गुरुद्वारा श्री देगसर साहिब पातशाही छेवी में विश्राम के बाद शुक्रवार की सुबह पालकी साहिब साहनेवाल पहुंची। पूर्व कैबिनेट मंत्री शरणजीत सिंह ढिल्लों, संता सिंह उमैदपुरी, चरण सिंह आलमगिर, सिमरजीत सिंह सहित अकाली वर्करों ने कनेच पुल पर पुष्प वर्षा से स्वागत किया। भाजपा सदस्य पवन कुमार, रछपाल, दमनदीप सिंह आदि ने पांच प्यारों को सुंदर रुमाल भेंट किए।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें