1996 के बाद सितंबर में 200 एमएम बारिश, 48 साल बाद दिन का पारा 22 डिग्री तक पहुंचा
मानसून जाते-जाते नए रिकार्ड बना रहा है। सोमवार को तीसरे दिन भी शहर में जमकर बारिश हुई। शहर में दोपहर तक 32 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई। जन जीवन अस्त व्यस्त रहा।
जागरण संवाददाता, लुधियाना : मानसून जाते-जाते नए रिकार्ड बना रहा है। सोमवार को तीसरे दिन भी शहर में जमकर बारिश हुई। शहर में दोपहर तक 32 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई। जन जीवन अस्त व्यस्त रहा। सड़कों पर जल भराव की वजह से टै्रफिक जाम की स्थिति रही। अब तक सितंबर में 200 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। पंजाब कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के अनुसार वर्ष 1996 के बाद पहली बार सितंबर में मानसून झूम कर बरस रहा है और बारिश ने माह में दो सौ मिलीमीटर के आकड़े को छुआ है। यहीं नहीं लगातार बारिश और धूप के गायब रहने से 48 साल में पहली बार 24 सितंबर को अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा है। पंजाब कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. केके गिल के अनुसार वेस्टर्न डिस्टर्बेस व डाय चक्रवात के प्रभाव से सितंबर के आखिरी सप्ताह में मानसून की वापसी के समय में जिस तरह से बारिश हो रही है, उसने हैरान कर रखा है। पिछले तीन दिनों में ही 165 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई। अभी सितंबर माह को खत्म होने में पांच दिन बाकी है। वर्ष 1996 में 492 मिलीमीटर बारिश हुई थी। इसके बाद के वर्षो में कभी भी दो सौ मिलीमीटर तक बारिश नहीं हुई।
सोमवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 11 डिग्री सेल्सियस कम रहा और तापमान 22 डिग्री दर्ज किया गया। पंजाब कृषि विश्वविद्यालय के पास वर्ष 1970 से लेकर अब तक का मौसम का रिकार्ड है। कभी भी 21 सितंबर के बाद से दिन का पारा इतना नीचे तक नहीं आया है। दिन के तापमान में रिकार्ड गिरावट की वजह से दिन में लोगों को हल्की ठिठुरन महसूस हुई। आज दोपहर बाद से छट जाएंगे बादल
डॉ. केके गिल के अनुसार मंगलवार से बारिश से राहत मिलने की संभावना है। दोपहर तक हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन उसके बाद बादल छंट जाएंगे। इसके बाद फिलहाल बारिश की संभावना नजर नहीं आ रही है।