लुधियाना में बढ़ी मारपीट की घटनाएं, अलग-अलग मामलों में 30 लोगों के खिलाफ केस दर्ज
लुधियाना पुलिस ने अलग-अलग मामलों में 30 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। साहनेवाल की पुलिस ने 12 लोगों पर मारपीट करने के आरोप में केस दायर किया है। थाना सदर की पुलिस ने मारपीट व चोरी के आरोप में तीन लोगों के खिलाफ मामले दर्ज किए हैं।
लुधियाना, जेएनएन। शहर के अलग-अलग चार स्थानों पर हुई मारपीट के मामलों में पुलिस ने करीब 30 लोगों के खिलाफ मामले दर्ज किए हैं। संबंधित थानों की पुलिस ने आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है। पहले मामले में थाना सदर की पुलिस ने मारपीट व चोरी के आरोप में तीन लोगों के खिलाफ मामले दर्ज किए हैं। आरोपितों के नाम गांव माणकवाल के रहने वाले सकिंदर सिंह, रुपिंदर सिंह व अमरदीप सिंह है। यह मामला थाना सदर की पुलिस ने गांव माणकवाल निवासी इंद्रजीत सिंह के बयानों पर दर्ज किया है।
इंद्रजीत ने बताया कि वह 4 दिसंबर को अपने जमीन पर मौजूद था। उसने बताया कि आरोपितों से उसका जमीन पर रास्ता बनाने को लेकर झगड़ा चल रहा है। आरोपितों ने उस पर डंडों व सरियों से हमला कर दिया और उसकी मोटर वाले कमरे से ताला तोड़कर एक स्प्रे पंप, एक कही, 2 दातियां व एक खुरपा चोरी करके धमकियां देते हुए फरार हो गए। जिसकी शिकायत उसने पुलिस को दर्ज करवाई।
वहीं दूसरे मामले में थाना साहनेवाल की पुलिस ने 12 लोगों पर मारपीट करने के आरोप में केस दायर किया है। आरोपितों के नाम संतोष कुमार, अंकित कुमार व 10 अज्ञात लोग हैं। शिकायतकर्ता अंबेडकरनगर गैसपुरा निवासी नीरज कुमार ने बताया कि 22 नवंबर को वह अपने घर के बाहर खड़ा था। वहां किसी का झगड़ा चल रहा था। आरोपितों ने उस पर व उसके भाई पर हमला कर दिया। इस हमले में उसके भाई अमित कुमार को भी चोटें आई। जिसे इलाज के लिए लाइफलाइन अस्पताल में दाखिल करवाया गया। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तीसरे मामले में थाना डाबा की पुलिस ने 5 लोगों पर मामला दर्ज किया है। आरोपितों के नाम न्यू सुंदर नगर निवासी रामाशंकर, रेखा देवी, रोशन कुमार, शेखर कुमार व सागर कुमार है। शिकायतकर्ता न्यू सुंदर नगर निवासी अमर सिंह ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि आरोपितों से उनका पहले से झगड़ा है। 4 दिसंबर को उसकी पत्नी पूनम, लड़का सूरज व लड़की चंदा कुमारी घर के बाहर गली में थे। जहां आरोपितों ने उन पर लोहे की रॉड व डंडों से हमला कर दिया। जिसमें उन्हें काफी चोटें आई। आरोपी लोगों को इकट्ठा होते देख धमकियां देते हुए फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।
वहीं चौथे मामले में थाना शिमलापुरी की पुलिस ने 10 लोगों के खिलाफ मामले दर्ज किए हैं। आरोपितों के नाम साहिबजादा फतेह सिंह नगर निवासी पंकज कुमार, गोविंदसर निवासी अवतार सिंह व 8 अज्ञात लोग हैं। सूरज नगर शिमलापुरी की रहने वाली शिकायतकर्ता नीरू वर्मा ने पुलिस को बताया कि 27 नवंबर की सुबह उसका पति दीपक अपनी कार से घर आ रहा था। मैड की चक्की के समीप आरोपितों ने अपनी अल्टो कार से उनकी पति की कार को टक्कर मार दी। बहस होने के बाद आरोपितों ने उसके पति से मारपीट की। जब घटना का पता लगते ही वह अपने लड़के के साथ मौके पर पहुंची तो आरोपितों ने उससे भी हाथापाई शुरू कर दी। जिसकी शिकायत उसने पुलिस को दर्ज करवाई। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ केस दायर कर मामले की जांच शुरू कर दी है।