लुधियाना पुलिस कमिश्नर कार्यालय आम लोगों के लिए फिलहाल बंद
लुधियाना पुलिस कमिश्नर कार्यालय आम लोगों के लिए फिलहाल बंद कर दिया गया है। एक दिन पहले डीसीपी अश्वनी कपूर कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।
लुधियाना, जेएनएन। लुधियाना पुलिस कमिश्नर कार्यालय आम लोगों के लिए फिलहाल बंद कर दिया गया है। एक दिन पहले डीसीपी अश्वनी कपूर कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। चूंकि वह सीपी कार्यालय में अकसर मीटिंग करते थे और वहीं ज्यादातर बैठते थे, इसलिए सीपी कार्यालय को सैनिटाइजड किया जा रहा है।
गाैरतलब है कि वीरवार काे पुलिस कमिश्नरेट में तैनात डीसीपी लॉ एंड आर्डर अश्वनी कपूर समेत तीन पंजाब होमगार्ड के जवान कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। पंजाब होमगार्ड के तीन जवान कृष्ण कुमार, रतन सिंह और सुखविंदर सिंह विजिलेंस विभाग में ड्यूटी कर रहे हैं।
इससे पहले भी विजिलेंस का एक मुलाजिम पॉजिटिव पाया जा चुका है और यह लोग उसी के संपर्क में थे। इस कारण पुलिस के सीनियर अधिकारियों समेत विजिलेंस विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस और सेहत विभाग इनके नजदीकी संपर्क के व्यक्तियों की जांच कर रही है।
एचडीएफसी बैंक के तीन कर्मी संक्रमित, ब्रांच सील
वीरवार को ही सुंदर नगर स्थित एचडीएफसी बैंक के तीन कर्मचारी भी पॉजिटिव आए हैं। डिस्टिक एपिडिमोलॉजिस्ट डॉ. रमेश कुमार ने बताया कि एचडीएफसी बैंक के तीन कर्मचारी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इसमें एक महिला भी है। बैंक ने ब्रांच को सील कर दिया है। सेहत विभाग ने ब्रांच के दूसरे कर्मचारियों के सभी कर्मचारियों के सैंपल लिए है। इसके साथ ही पॉजिटिव आए बैंक कर्मचारियों के संपर्क में आए लोगों की सूची तैयार कर रहे हैं।