नवविवाहिता ने दोस्त के घर में की खुदकुशी, पति से विवाद के बाद पहले दिल्ली गई.. फिर लुधियाना लौटकर दी जान
लुधियाना में 25 वर्षीय नवविवाहिता ने पति के साथ हुए विवाद के बाद डाबा रोड के गगन नगर इलाके में अपने दोस्त के घर पर फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। थाना डाबा की पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
लुधियाना, जेएनएन। पति के साथ हुए विवाद के बाद 25 वर्षीय नवविवाहिता मनु शर्मा ने डाबा रोड के गगन नगर इलाके में अपने दोस्त के घर पर फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। थाना डाबा की पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। जांच अधिकारी एसआइ रणजीत सिंह ने बताया कि नवविवाहिता अर्बन एस्टेट दुगरी की रहने वाली थी। शव के पास से सुसाइड नोट भी मिला है। फिलहाल उसके दादा जोगिंदर पाल के बयान पर 174 के तहत कार्रवाई की है। उन्होनें पुलिस को बताया कि मनु ने एमबीए की पढ़ाई की थी। मई में उसकी शादी मानसा के एक युवक से हुई थी।
करीब एक हफ्ता पहले उसका पति के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया और वह उसे छोड़कर दिल्ली चली गई। उसके पति ने मानसा पुलिस के पास उसकी गुमशुदगी की शिकायत भी दर्ज करवाई थी। दो दिन पहले वह दिल्ली से लुधियाना आई और गगन नगर में अपने क्लासमेंट विपिन कुमार के घर चली गई। वह बिजली का काम करता है। उसके माता-पिता उत्तर प्रदेश गए हुए थे। रविवार सुबह वह अपने काम पर चला गया था। जब शाम को लौटा तो मनु ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली थी।
सुल्तान नाम के युवक को लेकर हुआ था पति से विवाद
अब तक की जांच में पता चला है कि मनु के माता-पिता नहीं थे। उसका एक छोटा भाई ही है। कुछ दिन पहले मनु के पति ने उसका मोबाइल चेक कर लिया था। उसमें मनु की सुल्तान नाम के युवक के साथ तस्वीरें थीं। इस बात पर दोनों के बीच विवाद हुआ था। सुसाइड नोट में यह भी लिखा है कि सुल्तान को कोई तंग न करे। वह अपनी मर्जी से खुदकुशी कर रही है। नवविवाहिता ने सुसाइड नोट में लिखा कि इसमें उसके दोस्त का कोई कसूर नहीं है। वह अपनी मर्जी से सुसाइड कर रही है।
यह भी पढ़ें-लुधियाना में अंडे के पैसे मांगने पर बढ़ा विवाद, सिर में रॉड मार कर दुकानदार की हत्या