NGT की फटकार के बाद हरकत में आया लुधियाना निगम, बुड्ढा दरिया के किनारे से हटाएगा अवैध कब्जे
शनल ग्रीन ट्रिब्यूनल की मानिटरिंग कमेटी के चेयरमैन जस्टिस जसबीर सिंह ने डिप्टी कमिश्नर वरिंदर शर्मा को भी हिदायतें दी हैं कि नगर निगम को कब्जे हटाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर जो भी सहयोग चाहिए उन्हें उपलब्ध करवाएं।
लुधियाना, जेएनएन। नगर निगम ने बुड्ढा दरिया के किनारे सौंदर्यीकरण का प्रोजेक्ट तैयार करके टेंडर अलाट कर दिया है और जल्द ही वर्क आर्डर जारी करके इसका काम शुरू कर दिया जाएगा। लेकिन नगर निगम ने अभी तक बुड्ढा दरिया के किनारे अवैध कब्जों को नहीं हटाया है। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल की मानिटरिंग कमेटी के चेयरमैन जस्टिस जसबीर सिंह ने निगम अफसरों को तलब करते हुए कहा कि जब तक दरिया के किनारे से अवैध कब्जों को नहीं हटाया जाता तब तक सौंदर्यीकरण का काम कैसे होगा। कमेटी के अन्य सदस्यों ने भी निगम कमिश्नर प्रदीप सभ्रवाल को कहा है कि दरिया के किनारे से सभी कब्जों को हटाकर सौंदर्यीकरण का काम शुरू किया जाए। कमेटी ने डिप्टी कमिश्नर वरिंदर शर्मा को भी हिदायतें दी हैं कि नगर निगम को कब्जे हटाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर जो भी सहयोग चाहिए, उन्हें उपलब्ध करवाएं।
एनजीटी की टीम जब फरवरी में आई थी तो टीम ने नगर निगम से बुड्ढा दरिया के किनारे हुए कब्जों की रिपोर्ट मांगी थी। लेकिन निगम के पास ऐसा कोई रिकार्ड मौजूद नहीं था। जिसके बाद नगर निगम ने बुड्ढा दरिया के किनारे सर्वे करवाया। सर्वे में दरिया के किनारे कुल 965 कब्जे सामने आए। इसमें से 415 अस्थाई कब्जे हैं और 550 स्थाई कब्जे हैं। स्थाई कब्जों में से 35 के करीब कब्जे ऐसे हैं, जिनमें कमर्शियल गतिविध चल रही है। सर्वे के बाद नगर निगम ने इनका रेवेन्यू रिकार्ड भी वेरीफाई कर लिया। लेकिन अभी तक नगर निगम ने अवैध कब्जों को हटाने का काम शुरू नहीं किया।
लुधियाना में दौरे के दौरान एनजीटी की मानिटरिंग कमेटी ने निगम कमिश्नर को आदेश दिए तो कमिश्नर ने कहा कि पहले फेज में वह अस्थाई कब्जों को हटाएंगे और उसके बाद स्थाई कब्जे हटाए जाएंगे। एनजीटी कमेटी के चेयरमैन जस्टिस जसबीर सिंह ने डीसी वरिंदर शर्मा को आदेश दिए कि दरिया के किनारे हुए कब्जों को हटाने में वह निगम को सहयोग दें। डीसी ने कहा कि नगर निगम जब भी प्रशासन से ड्यूटी मजिस्ट्रेट की डिमांड करेगा, उन्हें तत्काल ड्यूटी मजिस्ट्रेट व सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध करवा दी जाएगी।