लुधियाना के पार्कों पर कब्जा करने वाले 60 डेयरी संचालकों को नगर निगम ने थमाए नोटिस
आरटीआइ एक्टिविस्ट रोहित सभ्रवाल ने मुख्यमंत्री चीफ सेक्रेटरी स्थानीय निकाय विभाग के प्रिंसिपल सेक्रेटरी निगम कमिश्नर समेत तमाम अफसरों को शिकायत दी थी कि हैबोवाल डेयरी कांप्लेक्स में कई एकड़ जमीन पर डेयरी वालों ने कब्जा किया है। यही नहीं उन्होंने निगम अफसरों को मौका भी दिखाया था।
लुधियाना, जेएनएन। हैबोवाल डेयरी कांप्लेक्स में पार्कों व ग्रीन बेल्टों पर कब्जा करने वाले 60 डेयरी संचालकों को नगर निगम ने नोटिस थमा दिए। निगम ने उन्हें जगह खाली करने के आदेश दिए हैं। निगम ने साफ कर दिया कि अगर यह कब्जे खाली नहीं किए गए तो उसके बाद वह जबरन खाली करवाएगा और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। निगम ने कब्जाधारियों को तीन दिन का वक्त दिया है।
आरटीआइ एक्टिविस्ट रोहित सभ्रवाल ने मुख्यमंत्री, चीफ सेक्रेटरी, स्थानीय निकाय विभाग के प्रिंसिपल सेक्रेटरी, निगम कमिश्नर समेत तमाम अफसरों को शिकायत दी थी कि हैबोवाल डेयरी कांप्लेक्स में कई एकड़ जमीन पर डेयरी वालों ने कब्जा किया है। यही नहीं उन्होंने निगम अफसरों को मौका भी दिखाया था।
इसके बाद भी डेयरी कांप्लेक्स में कब्जे खाली नहीं करवाए गए। रोहित ने फिर इसकी शिकायत उच्च अधिकारियों को दी। चीफ सेक्रेटरी ने निगम कमिश्नर को इस मामले में कार्रवाई करने के आदेश दिए। इसके बाद ही निगम ने यह नोटिस जारी किए हैं।
चंडीगढ़ में हुई मीटिंग में उठ चुका है मुद्दा
चंडीगढ में जब मिशन तंदुरुस्त पंजाब के डायरेक्टर ने टास्क फोर्स व निगम अधिकारियों के साथ बैठक की थी तो उसमें मेयर बलकार सिंह संधू ने यह मुद्दा उठाया था। उन्होंने कहा था कि अगर पेडा नियिमत तौर पर गोबर गैस प्लांट को पूरी क्षमता से चलाए तो हैबोवाल डेयरी कांप्लेक्स से एक किलोग्राम गोबर भी दरिया में नहीं जाएगा। इसके बाद प्रशासन की तरफ से पेडा को इस संबंध में आदेश जारी किए गए हैं।