निर्माण से पहले सड़क बनी सियासत की डगर
खन्ना-अमलोह रोड के निर्माण के लिए निर्देश जारी करने के लिए खन्ना के भाजपा नेताओं ने केंद्र सरकार का आभार जताया है।
जासं, खन्ना :
खन्ना-अमलोह रोड के निर्माण का काम शुरू होने से पहले शुक्रवार को कांग्रेस और भाजपा क्रेडिट वार में उलझ गए। असल में विवाद उस वक्त शुरू हुआ जब भाजपा नेताओं ने केंद्र सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सड़क का निर्माण प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत हो रहा है।
भाजपा की प्रेस कांफ्रेंस के बाद सियासी बवाल मचा। इसके बाद कांग्रेस विधायक गुरकीरत सिंह कोटली ने पलटवार करते हुए कहा कि सड़क बनाने का सारा पैसा प्रदेश सरकार दे रही है तो इसमें केंद्र सरकार के आभार जताने की बात कहां से आ गई ? यहां तक कि पीडब्ल्यूडी ने भी भाजपा के दावे को खारिज कर दिया।
भाजपाईयों ने अपनी प्रेस कांफ्रेंस में विशेष तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कैबिनेट मंत्री नितिन गडकरी का आभार प्रकट किया और कहा कि उनके प्रयास से लोगों की सालों से चली आ रही तकलीफ दूरी होगी। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत आती यह सड़क पीडब्ल्यूडी सरहिद के अधीन आती है। उन्होंने यह भी बताया कि इस सड़क को बनाने के लिए भाजपा नेता अनुज छाहड़िया ने प्रधानमंत्री को अगस्त में पत्र लिखा था। छाहड़िया को तीन सितंबर को एडीसी फतेहगढ़ साहिब का पत्र मिला। इसमे इस सड़क के लिए कार्यकारी इंजीनियर निर्माण मंडल सरहिन्द को लिखा गया था। अब छाहड़िया को वीरवार को एडीसी विकास फतेहगढ़ साहिब का पत्र मिला जो पांच दिसम्बर का है। इसमे इस सड़क को तुरंत बनाने का आश्वासन दिया गया है।
बैठक के दौरान जिला प्रधान अजय सूद से लेकर कईं नेताओं ने छाहड़िया की तारीफ के पुल भी बांधे। इस अवसर पर पार्षद सुधीर सोनू, भाजपा जिला उप प्रधान अनुज छाहड़िया, मंडल प्रधान अनूप शर्मा, पार्षद संजीव धमीजा, पार्षद कविता गुप्ता, पार्षद सर्वदीप कालीराव, पार्षद जतिदर देवगन, रणजीत सिंह हीरा, जसपाल लोटे, आतिश बांसल, प्रितपाल सिंह, गुरप्रीत सिंह, हैरी भी मौजूद रहे। मोदी से ज्यादा झूठ बोलते हैं भाजपाई : कोटली
सुबह भाजपा की प्रेस कांफ्रेंस के बाद शाम को तस्वीर बदल गई। जब खन्ना के विधायक गुरकीरत सिंह कोटली ने भाजपा नेताओं को घेरा। उनके साथ खन्ना नगर कौंसिल प्रधान विकास मेहता और ब्लॉक कांग्रेस शहरी प्रधान जतिदर पाठक भी थे। कोटली ने कहा कि झूठ बोलने में भाजपाई पीएम मोदी से भी आगे निकल गए हैं। सड़क का नाम प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना होने से या पत्र लिख देने से साबित नहीं हो जाता कि सड़क केंद्र ने बनाई है। भाजपाई सबकुछ जानते हैं कि प्रदेश सरकार 10 करोड़ की लागत से इस सड़क का निर्माण करवा रही है। लेकिन, वे झूठी शोहरत हासिल करने के लिए लोगों को गुमराह कर रहे हैं। प्रोजेक्ट से केंद्र का कुछ लेना-देना नहीं : चीफ इंजीनियर
पीडब्ल्यूडी चीफ इंजीनियर वरिदर जीत सिंह ढींडसा ने बताया कि इस सड़क के निर्माण से केंद्र सरकार का कोई लेना देना नहीं है। 2013 में इसकी मरम्मत जरूर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधीन हुई थी। लेकिन, उसके बाद इसका पैच वर्क, रिपेयर सब पंजाब सरकार ने किया। सालों से इसे बनाने की मांग उठ रही थी। लोगों की परेशानी को देखते हुए पंजाब सरकार ने इसके निर्माण का फैसला लिया है। इस पर सारा खर्च पंजाब सरकार करने जा रही है।